न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
देश की सबसे पहली सेमी हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत के पहिये एक बार फिर मडराक रेलवे स्टेशन के समीप डाउन लाइन पर थम गए। कारण था रेलवे ट्रैक पर पड़े बोल्ट का ट्रेन के पहियों से टकराना।
इस टकराव के बाद ट्रेन के अत्याधुनिक सिस्टम ने एक अलर्ट दिखाया। जिसके बाद चालक ने ट्रेन के इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए। ट्रेन ने मौजूद टेक्निकल टीम ने इसका पूरा जायजा लिया। करीब 20 मिनट खड़े होने के बाद ट्रेन को रवाना किया गया।
अलीगढ़-कानपुर रेलमार्ग के मडराक रेलवे स्टेशन पर डाउन लाइन पर शनिवार सुबह करीब 7.45 पर वंदे भारत एक्सप्रेस के पहिए अचानक थम गए। जानकारी के अनुसार ट्रैक पर पड़े कुछ बोल्ट ट्रेन के पहियों के टकरा गए थे।
करीब बीस मिनट तक ट्रेन की टेक्निकल टीम ने जांच की। बाद में सब कुछ सही मिलने पर ट्रेन 8 बजकर पांच मिनट पर वहा से रवाना हुई। इस संबंध में स्टेशन अधीक्षक डीके गौतम ने बताया कि वंदे भारत एक्सप्रेस के पहियों में मडराक के कोई बोल्ट टकरा गया था।
इससे आवाज हुई। चालक ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया। जांच करने के बाद करीब 20 मिनट बाद ट्रेन अपने गंतव्य को रवाना कर दी गई।