न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री स्वच्छता के लिए अभियान चलाए हुए हैं, लेकिन उनके इस अभियान को आरटीओ आफिस में पलीता लगाया जा रहा है। कार्यालय संभागीय परिवहन अधिकारी की नाक के नीचे सीवर के गटर के ऊपर रखी पानी की टंकी बीमारियों को न्यौता दे रही है। लोग गंदे पानी के बीच खड़े होकर अपनी प्यास बुझाने को मजबूर हैं।
आरटीओ में शौचालय के गटर के ऊपर पानी के टंकी रखी हुई है। गटर ओवर फ्लो होने के कारण गंदा पानी आसपास भरा हुआ है। लोग गंदे पानी के बीच खड़े होकर अपनी प्यास बुझाने को मजबूर हैं। ऐसा नहीं है कि इधर से आरटीओ या फिर कोई अन्य सक्षम अधिकारी नहीं निकलता।
दिन में करीब चार से पांच बार अधिकारी यहां से निकलते हैं, लेकिन इस ओर उन्होंने ध्यान देना उचित नहीं समझा है। आरटीओ राधेश्याम ने बताया कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है और न ही किसी ने शिकायत की है। यदि ऐसा है तो टंकी को दूसरे स्थान पर रखवा दिया जाएगा और ओवर फ्लो हो रहे गटर को भी साफ करा दिया जाएगा। ताकि किसी को गंदे पानी के बीच खड़े होकर अपनी प्यास न बुझानी पड़े।