न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
करीब 22-23 वर्षों से चली आ रही महानगर में ट्रांसपोर्ट नगर निर्माण का मामला संशय में पड़ता नजर आ रहा है। प्रशासन ने करीब 100 एकड़ भूमि में बनने वाले ट्रांसपोर्ट नगर निर्माण के लिए सरकारी जमीन उपलब्ध न होने का हवाला देते हुए निर्माण से हाथ खड़े कर दिए हैं। प्रशासन के इस रुख से यह बहुप्रतीक्षित प्रोजेक्ट खटाई में पड़ता नजर आ रहा है।
जिले में ट्रांसपोर्ट नगर की मांग करीब 22-23 वर्षों से हो रही है। दि अलीगढ़ ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन लगातार इस मांग को उठा रहा है। जनप्रतिनिधियों से लेकर डीएम, कमिश्नर यहां तक शासन स्तर पर प्रयास हुए हैं, लेकिन नतीजा अब तक सिफर ही रहा है। पिछले दिनों एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कमिश्नर से मुलाकात कर अपनी मांग दोहराई थी। कमिश्नर ने जमीन उपलब्ध कराने के आदेश दिए, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद 100 एकड़ भूमि एक साथ उपलब्ध नहीं हो सकी। आखिरकार प्रशासन ने जमीन उपलब्ध न होने का हवाला देते हुए फिलहाल ट्रांसपोर्ट नगर के निर्माण से हाथ खड़े कर दिए। कमिश्नर अजय दीप सिंह ने बताया कि सरकारी जमीन न होने के कारण अब किसानों की निजी भूमि पर ट्रांसपोर्ट नगर के निर्माण के लिए साइट देखी जा रही है। विकास प्राधिकरण यह काम कर रहा है।
गभाना में जीटी रोड से सटी भूमि पर नजर
अलीगढ़। विकास प्राधिकरण के सचिव डीएस भदौरिया ने बताया कि प्राधिकरण की टीम ने तीन स्थानों खैर रोड पर गांव ल्होसरा, पनैठी एवं गभाना के पास मुख्य जीटी रोड पर जमीन देखी है। इनमें गभाना के पास की किसानों की निजी जमीन सर्वाधिक मुफीद नजर आ रही है। इसकी रिपोर्ट तैयार कर ली गई है। कमिश्नर, डीएम एवं वीसी की सहमति मिलते ही अधिग्रहण का काम शुरू कर दिया जाएगा।