अब मजार के सहारे मिट्टी डालकर माहौल गर्माने की कोशिश
ब्यूरो,अमर उजाला, अतरौली।
मियां की मजार पर रविवार रात हुई तोड़फोड़ के बाद से तैनात पुलिस की आंखों में धूल झोंककर मंगलवार को दिन में फिर माहौल बिगाड़ने जैसी हरकत हुई। यहां मजार पक्ष के लोगों ने मजार की संपत्ति के सीमांकन के लिए मिट्टी डाल दी, जिसे लेकर प्रशासन तक अवैध कब्रें बनाने की खबर पहुंच गई।
पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों ने आकर माहौल गर्माने से पहले ही शांत करा दिया। कथित तौर पर अवैध रूप से बनाई जा रही कब्रों को रुकवाया और मिट्टी को हटवा दिया। इधर, डीएम ऋषिकेश भास्कर याशोद और एसएसपी राजेश पांडेय ने दूसरे दिन भी मजार पर पहुंचकर माहौल देखा।
छर्रा रोड पर गांव खेड़ा स्थित मजार पर रविवार रात कुछ लोगों ने आयत लिखी टाइल्स और कब्रों को तोड़ दिया था। विरोध करने पर गांव के ही कालीचरन को बेरहमी से पीटा था। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। प्रशासन ने कब्रों की मरम्मत करा दी थी। मजार पर एहतियात के तौर पर पुलिस और पीएसी भी तैनात कर दी थी।
इसी बीच मंगलवार को कुछ लोगों ने मजार के बगल से मंदिर को जाने वाले रास्ते के निकट मिट्टी डाल दी और उसे कब्रों का रूप देने की कोशिश की। पुलिस फोर्स की तैनाती के बाद भी यह हरकत हो गई।
इसकी भनक लगते ही शाम को एसडीएम शिवकुमार, नायब तहसीलदार अजीत कुमार, कोतवाल उत्तमचंद पटेल आदि पहुंच गए। वहां मिट्टी डाल रहे लोगों से जब पूछा, तो उन्होंने मजार का सीमांकन किए जाने का तर्क दिया।
मगर प्रशासन ने विरोध व हंगामे की आशंका के चलते मिट्टी को हटवा दिया। कमेटी के लोगों को हिदायत दी कि शांति व्यवस्था से खिलवाड़ किया तो बख्शा नहीं जाएगा। चुनाव के माहौल को देखते हुए मजार पर पुलिस-पीएसी तैनात है।
रास्ते के सहारे जिन लोगों ने मिट्टी डालकर यह हरकत की है, उन्हें सख्त हिदायत दी गई है। अगर आगे से वह यहां ऐसा कोई काम करेंगे, तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। हालांकि वह लोग मिट्टी सिर्फ सीमांकन के लिए डाल रहे थे। -उत्तम चंद्र पटेल, इंस्पेक्टर
मजार के अंदर घुसे लोग, पुलिस ने दौड़ाया
कब्रों के टूटने के बाद पुलिस-प्रशासन द्वारा कराए गए मरम्मत कार्य को देखने के लिए मंगलवार दोपहर कुछ लोग मजार के अंदर पहुंच गए और कब्रों को बड़े आकार में बनाने का विरोध किया। पुलिस ने बात बढ़ने से पहले ही इन लोगों को दौड़ा दिया। इंस्पेक्टर का कहना है कि मजार कमेटी से इन लोगों के खिलाफ बेवजह घुसने और माहौल बिगाड़ने की साजिश की तहरीर मांगी है। इन पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।