खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को खैर तहसील के जट्टारी स्थित एक तेल मिल पर छापामारी की। यहां से सात हजार लीटर सरसों का तेल जब्त किया गया। इसके साथ ही नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया। इसके अलावा जिले के अन्य प्रतिष्ठानों से भी सैंपल भरे गए।
जिला अभिहित अधिकारी सर्वेश मिश्रा ने बताया कि मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय प्रधान के नेतृत्व में अलीगढ़ शहर में थाना सासनी गेट क्षेत्र के आगरा रोड स्थित मिठाई की दुकान से छप्पन भोग राधे-राधे से बूंदी के लड्डू का एक नमूना भरा गया। वहीं, खाद्य सुरक्षा अधिकारी कृपाशंकर के नेतृत्व में तहसील खैर के गांव छजूपुर, जट्टारी स्थित राहुल ट्रेडिंग कंपनी से सरसों के तेल का एक नमूना भरा गया। यहां एक टैंक में उपलब्ध 7000 लीटर सरसों का तेल जब्त किया गया। इस तेल को भारी मिलावटखोरी की आशंका के चलते सीज किया गया है। वहीं, जट्टारी बाजार स्थित ही ललित कुमार की मावा निर्माण शाला से दूध एवं मावा का एक-एक नमूना लिया गया। जांच दल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमर बहादुर एवं जवाहरलाल उपस्थित रहे।
वहीं, तीसरी टीम द्वारा खाद्य सुरक्षा अधिकारी भगवत सिंह के नेतृत्व में तहसील अतरौली के अंतर्गत ग्राम खेड़िया बहादुरगढ़ी से सोमवीर सिंह की मावा निर्माण इकाई से मावा का एक नमूना तथा ग्राम खेड़िया बहादुरगढ़ स्थित हरीश चंद्र की मावा निर्माण इकाई से मावा का एक नमूना तथा पैंठ चौराहा, अतरौली स्थित फखरुद्दीन की मिठाई की दुकान से मावा का एक नमूना भरा गया। जांच दल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सैयद अब्दुल्लाह, अनिल कुमार व मनोज कुमार उपस्थित रहे। इन सभी नमूनों को जांच के लिए लखनऊ की लैब में भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।