फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Aligarh News: 100 में 70 दोपहिया सवार बिना हेलमेट, बाइक पर पूरा परिवार

विज्ञापन
क्वार्सी चौराहे पर एक बाइक चार बच्चों के लेकर जाता युवक। - फोटो : samvad
विज्ञापन
यातायात माह में पुलिस सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चला रही है। नियम तोड़ने वालों के चालान भी किए जा रहे हैं। इसके बावजूद शहर की सड़कों पर लापरवाही कम नहीं हो रही। दो दिन के जायजे में 100 में से करीब 70 बाइक और स्कूटी सवार बिना हेलमेट नजर आए। कई बाइक पर तीन से चार लोग तक बैठे मिले। कहीं पूरा परिवार एक ही बाइक पर सफर करता दिखा तो कहीं छोटे बच्चों को असुरक्षित तरीके से बैठाकर वाहन दौड़ाए जा रहे थे। साफ है कि चालान और जागरूकता के दावों के बावजूद लोगों में कार्रवाई का डर नहीं है।
विज्ञापन



शहर के व्यस्त मार्गों पर ऐसे नजारे आम हैं। रामघाट रोड पर क्वार्सी चौराहे से सेंटर प्वाइंट, मीनाक्षी पुल और गांधी पार्क तक बड़ी संख्या में दोपहिया वाहन गुजरते हैं। मैरिस रोड, समद रोड, रेलवे स्टेशन रोड और तस्वीर महल मार्ग पर भी वाहनों का दबाव रहता है। रसलगंज, अचलताल और सासनी गेट जैसे घने इलाकों में भी नियमों की अनदेखी दिखती है।
शहर को दूसरे जिलों और हाईवे से जोड़ने वाले जीटी रोड, आगरा रोड, मथुरा रोड, खैर रोड और अनूपशहर रोड पर भी स्थिति बेहतर नहीं है। इन मार्गों पर बिना हेलमेट दोपहिया सवार दिखते हैं। कई चालक तीन सवारी बैठाकर चलते हैं। कुछ अभिभावक बच्चों को बाइक की टंकी पर या बीच में बैठाकर सफर करते हैं। अचानक ब्रेक लगने या संतुलन बिगड़ने पर बच्चों के गिरने का खतरा रहता है।
विज्ञापन

पीछे बैठने वाले भी नहीं लगाते हेलमेट
हेलमेट लगाने में केवल चालक ही नहीं, पीछे बैठने वाले भी लापरवाही कर रहे हैं। कई बाइक पर चालक हेलमेट लगाए दिखते हैं, लेकिन पीछे बैठे लोग बिना सुरक्षा के सफर करते हैं। महिलाओं और युवतियों में भी यह लापरवाही नजर आती है। जबकि हादसे के समय पीछे बैठे व्यक्ति को भी सिर में गंभीर चोट लग सकती है।
सिर की चोट बन रही जानलेवा
दोपहिया वाहन हादसों में सिर की चोट जान जाने की बड़ी वजह बनती है। इसी साल जारी केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय की रिपोर्ट बताती है कि हादसों में जान गंवाने वाले दोपहिया वाहन चालकों में से 70 फीसदी हेलमेट नहीं लगाए थे। इसी तरह विश्व स्वास्थ्य संगठन की रिपोर्ट के मुताबिक, हेलमेट पहनने से सड़क हादसे में मौत का खतरा करीब 50 प्रतिशत और मस्तिष्क की गंभीर चोट का खतरा 74 प्रतिशत तक कम हो सकता है।
महिलाओं में भी नियम तोड़ने की होड़
यातायात नियमों को तोड़ने में केवल पुरुष ही नहीं बल्कि महिलाएं भी पीछे नहीं हैं। शहर में स्कूटी और बाइक चलाने वाली और पीछे बैठने वाली अधिकांश महिलाएं, युवतियां व किशोरियां भी बिना हेलमेट के वाहन चलाती दिखती हैं। छोटे बच्चों को भी हेलमेट नहीं लगाया जा रहा। अभिभावक बच्चों को आगे टंकी पर या बीच में बैठाकर तेज रफ्तार में वाहन दौड़ाते नजर आते हैं।

हादसे बढ़े, घायलों की संख्या में 48 फीसदी उछाल
2025 में जिले में 1,002 सड़क हादसे हुए थे। इनमें 482 लोगों की मौत हुई और 1,251 घायल हुए। 2026 में अक्तूबर माह तक 1,270 हादसे दर्ज हो चुके हैं। इनमें 499 लोगों की जान गई और 1,857 घायल हुए। यानी हादसों में 26.7 और घायलों की संख्या में 48.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

लोगों को भी समझनी होगी जिम्मेदारी
यातायात माह के तहत पुलिस जागरूक कर रही है। इस अभियान का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि लोगों को सुरक्षित सफर के लिए जागरूक करना भी है। हेलमेट को चालान से बचने का साधन नहीं, अपनी सुरक्षा की आदत बनाना चाहिए।
विज्ञापन

प्रवीण कुमार यादव, एसपी यातायात, अलीगढ़
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें