जनपद में कोरोना वायरस से सात लोग संक्रमित हुए हैं। इसमें स्वास्थ्य की एक महिला चिकित्सक एवं उनका छह वर्षीय पुत्र भी शामिल है। जनपद में शुक्रवार को 5165 लोगों की कोरोना जांच की गई, जिसमें सात संक्रमित मिले हैं। वर्तमान समय में सक्रिय मरीजों की संख्या 105 है। जनपद में कोरोना से अब तक 21220 लोग संक्रमित हो चुके हैं। सरकारी आंकड़ों में मृतकों की संख्या 106 है।
पीएचसी नरोना में सीएमओ ने देखे मरीज
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बीपी सिंह कल्याणी ने अतरौली के नरोना अकबरपुर पीएचसी में पहुंचे और कुछ मरीजों को देखा। शासन के निर्देश के बाद सीएमओ पिछले दिनों मलखान सिंह जिला अस्पताल में मरीजों को देखा था। प्रशासनिक कार्य देख रहे अन्य चिकित्सक अभी ओपीडी में जाकर मरीजों को देखने को लेकर उदासीन है।
एडी हेल्थ कार्यालय परिसर में पौधारोपण
अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण कार्यालय परिसर में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पौधरोपण किया गया। एडी हेल्थ डॉ. एसके उपाध्याय, जेडी डॉ. वीके सिंह, डॉ. एमएल अग्रवाल सीएमओ डॉ. बीपी सिंह कल्याणी, डॉ. ग्यास खान, डॉ. देवेंद्र वार्ष्णेय आदि ने पौधरोपण किया।