न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
प्रियंका गांधी को कांग्रेस महासचिव बना कर पूर्वी यूपी की कमान सौंपे जाने से कांग्रेस और उसके समर्थकों में उत्साह भर गया है। बुधवार को अमेठी में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने जैसे ही इसकी घोषणा की पूरे प्रदेश में मिठाई बंटने के साथ बधाइयों का सिलसिला चल निकला। ज्योतिरादित्य सिंधिया को पश्चिमी यूपी और प्रियंका गांधी को पूर्वी यूपी का प्रभारी बनाया गया है।
कांग्रेस जिला कार्यालय पर सुभाष रोड पर सभी एकत्र हुए और मिठाई खिला कर बधाई दी। पूर्व सांसद एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष बिजेंद्र सिंह ने कहा कि ये सही समय का एक सही फैसला है। इससे कांग्रेस समर्थकों की तादाद बहुत तेजी से बढ़ेगी और लोकसभा चुनाव 2019 में कांग्रेस की पूर्ण बहुमत सरकार बनेगी। प्रियंका गांधी के महासचिव बनने से संगठन मजबूत हुआ है। उनके आने का हर्ष पूरे देश में मनाया जा रहा है। वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष एडवोकेट संतोष सिंह जादौन ने कहा कि प्रियंका गांधी देश की सर्वाधिक लोकप्रिय नेताओं में शुमार हैं। उनके सक्रिय होने से पूरी कांग्रेस को नई ऊर्जा मिली है। यहां पर पूर्व जिलाध्यक्ष गिरिवर शर्मा, अमित सिंह, वीरी सिंह बंजारा, विनोद पांडेय ने सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर प्रियंका गांधी और ज्योतिरादित्य को प्रभारी बनाने को देश की नई क्रांति बताया गया।
कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव विवेक बंसल ने भी इस फैसले को हर्ष और उल्लास का प्रतीक बताया। कहा कि अब लोकसभा चुनाव में इसका व्यापक असर होगा। कांग्रेस की पूर्व महिला प्रदेश अध्यक्ष प्रतिमा सिंह ने भी प्रियंका गांधी के सक्रिय होने को कांग्रेस के लिए सबसे बेहतर फैसला बताया है। अधिकांश कांग्रेस नेताओं के दफ्तरों में इस मौके पर मिठाई बांट कर जश्न मनाया गया। प्रदेश महासचिव योगेश दीक्षित, एआईसीसी सदस्य परवेज अहमद, पूर्व प्रदेश सचिव मनोज सक्सेना, गोपाल कृष्ण डोगरा, रु ही जुबैरी, एआईसीसी सदस्य राजेश राज जीवन, वरिष्ठ नेता श्यौराज जीवन ने भी इस फैसले पर हर्ष जताया है।
...तो त्रिकोणीय मुकाबले में सबसे
तेजी से उभरेगी कांग्रेस : वसीम
प्रियंका गांधी के सक्रिय होने और उनको पूर्वी यूपी का प्रभारी बनाए जाने पर पूर्व प्रदेश महासचिव सैयद वसीम अहमद और वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजेेंद्र मेहरा ने कहा है कि अब कांग्रेस को किसी दल से गठबंधन की जरूरत नहीं है। खुद पार्टी अपनी पुरानी साख पर लौट रही है। राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के चुनाव में पार्टी पूर्ण बहुमत की सरकार बना चुकी है। हार बौखलाई भाजपा कर्नाटक में कांग्रेस समर्थित सरकार को गिराना चाहती हैै। इसमें भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है, लेकिन जनता सब कुछ समझती है।
हिंदीभाषी क्षेत्र से लेकर पूरे देश में अब कांग्रेस का विजय रथ कहीं रुकेगा नहीं। लोकसभा चुनाव 2019 में पार्टी यूपी में सबसे बेहतरीन प्रदर्शन कर इतिहास दोहराएगी। सपा बसपा गठबंधन में शामिल नहीं होने पर जो भी दल या विपक्षी नेता कांग्रेस को कमतर आंक रहे थे, अब वो खुद ही बेचैन हो गए हैं, क्योंकि सभी धर्म और वर्ग के करोड़ों भारतीय जानते हैं केंद्र में कांग्रेस की सरकार ही सर्वांगीण विकास और जनहित की योजनाएं लागू कर सकती है। इसी सरकार में सभी धर्म और वर्ग का पूरा सम्मान है। ऐसे में अब सपा बसपा गठबंधन और भाजपा के बीच संभावित त्रिकोणीय मुकाबले में कांग्रेस सबसे लोकप्रिय पार्टी बन कर तेजी से उभरेगी।