न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
सासनीगेट क्षेत्र में बगैर नक्शे बन रही तीन इमारतों के निर्माण के लिए सुविधा शुल्क लेने के आरोपी अलीगढ़ विकास प्राधिकरण के जेई आरके गुप्ता के खिलाफ डीएम एवं उपाध्यक्ष ने आरोपपत्र जारी कर दिया है। एक अन्य जेई को चेतावनी जारी की है तो अन्य एई एवं जेई को चेतावनी दी है कि या तो वे कायदे से काम करें, अन्यथा कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
विकास प्राधिकरण अफसरों की बैठक लेते हुए डीएम एवं एडीए उपाध्यक्ष चंद्रभूषण सिंह ने विकास कार्यो, नक्शे जारी करने समेत अन्य कामकाज की समीक्षा की। उन्होंने सभी एई एवं जेई को कंपाउंडिंग एवं विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि वसूली में तेजी लाई जाय और विभागीय स्तर पर चल रहे कामों को युद्घस्तर पर निपटाया जाय। सभी एई एवं जेई अपने अपने क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों की विस्तृत सूची तैयार करें। यह देखें कि उन निर्माण कार्यों में कितनों के नक्शे पास हैं और कितने बिना नक्शों के ही बन रहे हैं।
जिन निर्माणों की कंपाउंडिंग हो सकती है तो उनकी कंपाउंडिंग करा दें। अन्यथा की स्थिति में उनके खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि विस्तृत रिपोर्ट के बाद यदि कोई अवैध निर्माण पाया गया तो संबंधित जेई एवं एई के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। डीएम चंद्रभूषण सिंह ने स्वीकार किया कि सासनीगेट क्षेत्र में अवैध निर्माण कराने के ऐवज में सुविधा शुल्क लेने के आरोपी जेई आरके गुप्ता के खिलाफ आरोप पत्र जारी करते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया है। एक अन्य जेई निमेष गुप्ता को भी चेतावनी दी गई है।