न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा-2019 के तहत अलीगढ़ के 26 सेंटरों पर 95.1 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। अभ्यर्थियों के मुताबिक पेपर अच्छा आया था। लेकिन कई अभ्यर्थी ऐसे भी थे। जिन्होंने कहा कि वह कुछ-कुछ सवालों में उलझे रहे। वहीं परीक्षा शांति पूर्ण संपन्न हो गई।
बता दें कि अलीगढ़ के 26 सेंटरों पर रविवार को मंडल की सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा-2019 आयोजित हुई थी। 14520 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 13809 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। जबकि 711 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। सुबह 11 बजे से शुरू हुई परीक्षा में अभ्यर्थी घुमा फिराकर पूछे गए प्रश्नों पर अटकते दिखे। अभ्यर्थियों का कहना था कि प्रश्नपत्र आसान था। लेकिन घुमा फिराकर पूछे गए सवालों पर वह परेशान हुए थे। हालांकि पेपर अच्छा गया है।
बयान
सवाल सही थे। घुमाकर आए थे, इसलिए हल करने में थोड़ी दिक्कत जरूर हुई।
- साधना गौतम, कासगंज।
प्रश्नपत्र आसान देखकर जितनी खुशी हुई थी। उसी प्रकार से पेपर अच्छा गया है।
- मनीषा शर्मा, निवासी हाथरस।
पेपर आसान था। सही तरीके से हल भी किया है। अब देखना है कि नंबर कैसे आते हैं।
- अंजलि शर्मा, हाथरस।
पेपर अच्छा था। कुछ प्रश्न पत्रों में उलझे भी थे, लेकिन पेपर सही गया है।
- पायल वार्ष्णेय, सिकंदराराऊ।
सेकेंड कापी ले जाने पर तीन युवतियों के खिलाफ तहरीर
शहर के तीन अलग-अलग परीक्षा केंद्र से तीन महिला अभ्यर्थी ओएमआर सीट की सेकेंड कापी अपने साथ ले गईं। इसके चलते इन तीनों के खिलाफ संबंधित थाने में तहरीर दी गई है। वहीं जिन निरीक्षकों की इन अभ्यर्थियों के कमरों पर ड्यूटी थी। उन पर कार्रवाई की तलवार लटक गई है।
बता दें कि मदारगेट स्थित महेश्वर गर्ल्स इंटर कालेज में परीक्षा दे रही संगीता बी कापी अपने साथ ले गई है। प्रधानाचार्या ऊषा गौड़ ने बताया कि संगीता के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए थाने में तहरीर दी गई है। जबकि संगीता के कमरे में ड्यूटी दे रहीं वीना श्रीवास्तव व रश्मि से जवाब तलब किया जा रहा है। इसके बाद ही आगे की कार्यवाही होगी। घंटाघर स्थित नौरंगीलाल जीआईसी से यशोदा बी कॉपी ले गई है। प्रधानाचार्य शीलेंद्र कुमार ने बताया कि सत्यवीर सिंह यादव कक्ष निरीक्षक थे। घोर लापरवाही के कारण कार्रवाई के लिए संस्तुति की गई है। जबकि छात्रा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए थाने में तहरीर दे दी है। सासनीगेट स्थित महेश्वर इंटर कालेज से बीनू यादव भी कार्बन की दूसरी कापी ले गई हैं। इस कारण प्रधानाचार्य विनोद कुमार शर्मा ने छात्रा के खिलाफ थाने में तहरीर दे दी है। जबकि कक्ष निरीक्षक राकेश कुमार व महेश कुमार से जवाब तलब किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसके बाद ही कार्यवाही होगी।
रिकार्ड तोड़ दर्ज हुई उपस्थिति
सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा में रविवार को मंडल के सेंटरों पर 95.1 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। यह संख्या इस साल की परीक्षा में रिकार्ड तोड़ रही है। इस कारण अधिकारियों ने जब इस डाटा को सुना तो सबकी जुबां पर एक ही उत्तर था कि इतनी संख्या में उपस्थित पहले किसी परीक्षा में नहीं देखी गई है।
जाम से जूझा शहर
शहर के 26 सेंटरों पर जब अधिकांश संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा देने आए तो उनके द्वारा लाए गए वाहनों के कारण शहर जाम से जूझता रहा। रामघाट रोड, आगरा रोड, जीटी रोड, अनूप शहर रोड पर अभ्यर्थी सुबह नौ बजे से ही आने लग गए थे। आते समय हालांकि अधिक जाम देखने को नहीं मिला। लेकिन जैसे ही डेढ़ बजे परीक्षा छूटी। संबंधित मार्गों पर पौने दो बजे से जाम लगना शुरू हो गया। जो शाम चार बजे तक चलता रहा। ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने भी खूब मेहनत कर जाम को अपने कंट्रोल में रखा। लेकिन शहर के मार्ग सकरे होने की वजह से जाम चार बजे के बाद ही खुल सका।
छह सचल दल के साथ पर्याप्त फोर्स था मौजूद
परीक्षा के हर केंद्र पर जहां उच्चाधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। वहीं छह सचल दस्ते हर एक केंद्र पर दौड़ते रहे। इनके अलावा हर परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल भी लगाया गया था। पूरी परीक्षा के दौरान कहीं से भी किसी भी प्रकार की कोई अप्रिय सूचना नहीं मिली।