डेस्क न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़
नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना के स्वागत के लिए नगर निगम ने शहर को सजाने में ताकत झोंक दी है। मंत्री की मौजूदगी में शुरू होने वाली रैली और होने वाली गोष्ठी के लिए नगर आयुक्त ने अधिकारियों के दायित्वों का निर्धारण करेंगे। रैली में एक लाख लोगों तक के शामिल होने का दावा नगर निगम की ओर से किया गया है।
स्वच्छता अभियान अंतर्गत पूरे प्रदेश में 7 नवंबर से 22 नवंबर तक ‘स्वच्छता महारैली’ का आयोजन किया जा रहा है। जिसके क्रम में 14 नवंबर बाल दिवस के अवसर पर अलीगढ़ में भी प्रदेश के नगर विकास मंत्री के नेतृत्व में नगर निगम स्वच्छता की महारैली आयोजित कर रहा है। बुधवार को निकाले जाने वाली इस महारैली की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे नगर निगम प्रशासन ने पूरे शहर को स्वच्छता का संदेश देने वाली पेंटिंग से रंग दिया। वहीं मंत्री के निर्धारित रैली के मार्ग स्वच्छता के रंगो से रंग दिया।
व्यवस्थाओं के क्रम में नगर आयुक्त सत्य प्रकाश पटेल ने रैली के निर्धारित रूट का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि अलीगढ़ में पहली बार स्वच्छता महारैली आयोजित की जा रही है। इसको ऐतिहासिक बनाने के उद्देश्य से जिला स्तर के सभी स्कूल कालेेजों, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं सहित 75000 से 100000 लोगों को जोड़ने का प्रयास किया गया है। 420 मीटर की आकर्षक स्वच्छता पेंटिंग करायी गयी है। प्रदर्शनी मैदान कृष्णांजली में मित्तल द्वार से मंच तक बैरीकेटिंग, पेटिंग, स्वच्छता होर्डिग्गं बैनर व दीवारों की रंगाई पुताई भी करायी गयी है।
मंत्री संसदीय कार्य, नगर विकास, शहरी समग्र विकास का कार्यक्रम
अलीगढ़। मंत्री संसदीय कार्य, नगर विकास, शहरी समग्र विकास तथा नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन सुरेश खन्ना 14 नवंबर को कार द्वारा दोपहर 1:15 बजे लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन में आएंगे। इसके बाद मंत्री स्वच्छता अभियान के अंतर्गत आयोजित विशेष स्वच्छता रैली में भाग लेंगे तथा तथा कृष्णांजलि नाट्यशाला में आयोजित जागरूकता गोष्ठी में भी उपस्थित रहेंगे। यहां वह मुख्य विकास अधिकारी दिनेश चंद्र द्वारा लिखी गई पुस्तक का विमोचन भी करेंगे।