न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर तारिक मंसूर ने नवागंतुक एवं अगली कक्षा में प्रवेश लेने वाले छात्रों के नाम जारी संदेश में कहा है कि इस महान संस्था में उनका प्रवेश न केवल उनके अभिभावकों, परिजनों और समुदाय की आशाओं को पूरा करेगा बल्कि उनकी राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
प्रोफेसर मंसूर ने कहा है कि छात्रों को विश्वविद्यालय में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का समुचित उपयोग करना चाहिए। मौलाना आजाद लाइब्रेरी की गणना विश्व के बड़े पुस्तकालयों में होती है।
इस बात के प्रयास हो रहे हैं कि कंप्यूटर सेंटर द्वारा उपलब्ध एकाउंट की मदद से लाइब्रेरी में उनकी पहुंच को आसान बनाया जाए। उन्होंने छात्रों से कहा है कि वह अपनी पढ़ाई के साथ खेलकूद व साहित्यिक व सांस्कृतिक गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से भागेदारी करें।
उन्होंने कहा कि छात्र पूरी तरह से अनुशासन का प्रदर्शन करेंगे और अपने दायित्वों की जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करेंगे। प्रो. तारिक मंसूर ने कहा है कि छात्रों का अभिभावक होने के नाते वह उनके विकास और सफलता के हित में एक अतिरिक्त कदम उठाने के लिए तैयार हैं और इसके लिए उनका सहयोग और समर्थन आवश्यक है ताकि इस संस्था को नई ऊंचाइयों तक ले जाया जा सके। प्रो. मंसूर ने कहा है कि इस संबंध में छात्रों के सुझावों का भी स्वागत है।