न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
ईदुल अजहा (बकरीद) को लेकर बाजार गुलजार हो गया है। 22 अगस्त को ईदुल अजहा की नमाज पढ़ी जाएगी। बकरों की मंडी सज गई है। गांव-देहात से बकरों को शहर में लाकर बेचा जा रहा है।
ईदगाह में बकरीद की नमाज पढ़ी जाएगी। दो-तीन दिन में ईदगाह की साफ-सफाई की जाएगी। उधर, बाजार ने खरीदारी की रफ्तार पकड़ ली है। कपड़े, जूते-चप्पल, शृंगार की दुकानों पर खरीदारों का आना शुरू हो गया। सेवई की भी बिक्री में तेजी आ गई है। दरअसल, बकरीद में बकरा, दुंबा, भेड़, मेढा की कुर्बानी दी जाती है। इसलिए क्वार्सी पैठ, शाहजमाल ईदगाह के पास इनकी मंडी सज गई है।
नमाज के वक्त का एलान
ईदुल अजहा (बकरीद) की नमाज 22 अगस्त को ईदगाह, जामा मस्जिद, बू अली शाह मस्जिद सहित अन्य मस्जिदों में पढ़ी जाएगी। नमाज के वक्त का एलान जुमे की नमाज के दौरान शहर मुफ्ती मोहम्मद खालिद हमीद ने किया। मोहल्ला शाहजमाल स्थित ईदगाह में सुबह 7:15 बजे ईदुल अजहा की नमाज पढ़ी जाएगी। ऊपरकोट स्थित जामा मस्जिद में सुबह 7:45 बजे नमाज पढ़ी जाएगी। बू अली शाह मस्जिद में सुबह 8 बजे नमाज पढ़ी जाएगी।