न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
रविवार को ‘अमर उजाला’ ने ‘एसी बसों में यात्रियों का निकल रहा पसीना’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की तो रोडवेज के अधिकारियों में अफरातफरी मच गई। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक बुद्ध विहार ने रविवार (अवकाश वाले दिन) को एसी बसों का भौतिक सत्यापन किया। इस दौरान सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक को यूपी 81 बीटी 3964 व यूपी 81 बीटी 3205 की हालत काफी दयनीय मिली। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ने दोनों गाड़ियों के मालिकों को लेटर जारी कर काम कराने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही अन्य गाड़ियों में मिली छोटी-मोटी कमियों की रिपोर्ट बनाकर आरएम व एसएम को प्रेषित की है।
परिवहन निगम एवं बस आपरेटरों की मिलीभगत से एसी बसों में यात्रा करने वाले यात्रियों को सुविधाओं के नाम पर ठेंगा दिखाते हुए उनके साथ ठगी करने की खबर को अमर उजाला ने रविवार को प्रमुखता से प्रकाशित किया।
ग्राउंड रिपोर्ट में बुद्ध विहार डिपो की आगरा एवं नोएडा रूट पर चलने वाली एसी बसों की हालत दयनीय थी। इस खबर के प्रकाशित होने के बाद एआरएम बुद्ध विहार योगेंद्र प्रताप सिंह ने रविवार को इनका भौतिक सत्यापन किया। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ने रोड पर खड़े होकर यात्रियों ने बस में होने वाली कूलिंग, पानी, पर्दे, पंखे आदि के बारे में जानकारी हासिल की।
इस दौरान यूपी 81 बीटी 3964 का एसी नाममात्र को कूलिंग कर रहा था, जबकि यूपी 81 बीटी 3205 बस का एसी एक ओर ही कूलिंग कर रहा था। इसके बाद एआरएम ने दोनों बसों के मालिकों को लेटर लिखकर गाड़ी में काम कराने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही अन्य बसों के भौतिक सत्यापन की रिपोर्ट भी आरएम एवं एसएम को भेजी है।
अलीगढ़ डिपो की एसी बसों की हालत भी दयनीय
अलीगढ़ डिपो की एसी बसों की हालत भी कुछ कम खराब नहीं है। बुद्ध विहार डिपो के एआरएम ने तो खबर प्रकाशित होने के बाद एसी बसों का सर्वे कर लिया, लेकिन अलीगढ़ डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ने इस ओर ध्यान नहीं दिया है। इसी का नतीजा था कि सोमवार को शाम पांच बजे नोएडा जाने वाली अलीगढ़ डिपो की यूपी 81 बीटी 2724 एसी बस में यात्रियों ने कूलिंग न होने पर मसूदाबाद बस स्टैंड पर जमकर हंगामा काटा।
ये कैसी सर्वे रिपोर्ट
डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक के सर्वे में केवल दो गाड़ियों में कमी मिली, लेकिन सोमवार को बुद्ध विहार डिपो की नोएडा जाने वाली एसी बस 3207 में कूलिंग न होने पर यात्रियों ने हंगामा किया। यात्रियों के हंगामा पर चालक ने बस को खैर रोड स्थित गांव अंगला गैस प्लांट के पास रोक लिया और मालिक तथा एआरएम को सूचना दी। इसके बावजूद यात्रियों ने गर्मी से जूझते हुए नोएडा तक यात्रा की।
वर्कशॉप में बसों को खड़ा करके उनका भौतिक सत्यापन ठीक तरह से नहीं होता है। इसलिए बसों का रोड पर सर्वे किया गया। इस दौरान यात्रियों से एसी बसों में कमियों के बारे में पूछा गया। साथ ही उनके सुझाव भी जाने। दोनों बसों में कूलिंग न होने की समस्या थी। इस पर उनके मालिक को लेटर भेजकर काम कराने के निर्देश दिए हैं। दोनों गाड़ियों में काम होने के बाद उनका पुुन: सत्यापन होगा। इसके बाद ही उन्हें रोड पर उतारा जाएगा। - योगेंद्र प्रताप सिंह, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक