क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
नुमाइश मैदान में बालू बदरपुर से भरे ट्रकों के खिलाफ शुक्रवार को प्रशासन व आरटीओ की टीम ने संयुक्त कार्यवाही के दौरान ओवरलोडिंग मामले में सीज किए गए 69 में से 42 ट्रक छूट गए। इनमें से बुधवार को 40 ट्रक दस लाख रुपया जुर्माना वसूल कर छोड़े गए हैं।
मंगलवार को दो ट्रक मालिकों ने आरटीओ कार्यालय में एक लाख तीन हजार रुपये का जुर्माना भरकर अपने ट्रक छुड़वा लिए थे। आरटीओ (प्रवर्तन) निर्मल प्रसाद ने बताया कि बुधवार को नुमाइश मैदान एवं खनन विभाग का जुर्माना अदा करने के बाद 40 ट्रक मालिक कार्यालय आए।
यहां उनके ऊपर ओवरलोड समेत अन्य नियमों का उल्लंघन करने पर करीब दस लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। जुर्माना अदा होने के बाद इन ट्रकों को छोड़ दिया गया। इस तरह दो दिन में छोड़े गए ट्रकों की संख्या 42 हो गई है।