न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
नुमाइश मैदान में बिना किसी ठेके के बालू बदरपुर के ओवरलोड ट्रकों के खड़े होने के खिलाफ डीएम चंद्र भूषण सिंह की सख्ती का असर तीसरे दिन भी रहा। यहां पर सीज हुए 69 ट्रकों के अलावा दूसरे ट्रक नहीं पहुंचे। कुछ ट्रक वालों ने रियल एस्टेट की अलग अलग साइड पर माल उतारा।
कुछेक ने अलग अलग रास्तों से बिल्डिंग मैटीरियल्स की सप्लाई दी। अब सीज ट्रकों को छोड़ने की कार्रवाई सोमवार से शुरू होगी। जिला प्रशासन ने ओवरलोड ट्रकों के खिलाफ कार्रवाई नियमित रूप से जारी रहेगी। अपर नगर मजिस्ट्रेट द्वितीय अनिल कुमार त्रिपाठी ने बताया कि उनकी कार पर ट्रक चढ़ाने वाले ड्राइवर हरीश को जेल भेजा जा चुका है और ट्रांसपोर्टर से पुलिस पूछताछ कर रही है।
ट्रक वालों में आक्रोश.. तीन दिन से काम ठप है
नुमाइश मैदान में शुक्रवार को जिला प्रशासन की सख्त कार्रवाई के बाद सीज हुए 69 ट्रकों के मालिक खासे परेशान हैं। इन लोगों का कहना है कि 15000-15000 रुपये का जुर्माना वह नुमाइश इंतजामिया को दे चुके हैं। वह खनन और ओवरलोडिंग का दंड (जिन पर बनता है) भी देने को तैयार हैं। प्रति दिन का प्रति ट्रक 1500 रुपये का शुल्क भी वह सब देने को तैयार हैं। लेकिन उनके वाहनों को छोड़ा नहीं जा रहा है।
शुक्रवार से सभी गाड़ियां जस की तस खड़ी हैं, कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। जिससे धंधे का बड़ा नुकसान हो रहा है। कुछ ट्रक वालाें का आरोप है कि नुमाइश इंतजामिया ने पूर्व में जिस ठेकेदार के नाम से ठेका था, उससे आज तक ठेके की पूरी रकम वसूली नहीं गई है। जिला प्रशासन सारा गुस्सा ट्रक वालाें पर उतार रहा है। ये उचित नहीं है। ठेकेदार को पकड़ा जाए और उससे वसूली की जाए। वसूली में देरी होने पर ब्याज और जुर्माना भी वसूला जाए। ट्रक वालों को बेवजह क्यों परेशान किया जा रहा है। अगर नुमाइश मैदान में ट्रकों को नहीं खड़ा कराना है तो इसका आदेश जारी कर दिया जाए।
10.35 लाख का जुर्माना वसूला
जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह के आदेश पर इस प्रकरण में मौके पर सीज किए गए 69 ट्रकों से प्रति ट्रक 15-15 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया है। बिना किसी ठेके के नुमाइश मैदान में खड़ा होने पर ये जुर्माना लगाया गया था। जिसकी वसूली नुमाइश इंतजामिया ने की है। ये रकम लगभग 10 लाख 35 हजार रुपये बनती है। शनिवार को अधिकांश ट्रक वालों ने ये रकम नुमाइश कर्मियों के माध्यम से जमा करा दी थी। अब इनके ओवरलोडिंग के चालान आरटीओ से आनलाइन सोमवार को छूटेंगे। जिन ट्रकों में अवैध रूप से खनन का मामला बन रहा है। उन पर अलग से खनन के नियमों के अनुसार कार्रवाई और जुर्माना वसूलने की प्रक्रिया सोमवार को होगी। इसलिए ये ट्रक रविवार को नहीं छोड़े जा सके। यही नहीं अब निर्धारित शर्तों पर ठेका नहीं उठने तक प्रति दिन प्रति ट्रक 1500-1500 रुपये वसूले जाएंगे। जिसकी वसूली नुमाइश के कर्मचारियों द्वारा होगी। इसके लिए एडीएम सिटी को कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने को निर्देशित किया गया है।
ये है प्रकरण...
बीते शुक्रवार को नुमाइश मैदान में बिना ठेके के खड़े हो रहे ट्रकों पर जिला प्रशासन की ओर छापा मारा गया था। जिसमें अपर नगर मजिस्ट्रेट द्वितीय अनिल कुमार त्रिपाठी की गाड़ी पर एक ट्रक नंबर यूपी 81 बीटी 7853 के ड्राइवर हरीश कुमार सिंह ने ट्रक चढ़ाने की कोशिश की थी। ये ट्रक बाद में सारसौल के पास एक पेट्रोल पंप पर खड़ा मिला था। इसके ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है। ट्रांसपोर्टर से भी पुलिस की पूछताछ जारी है। ड्राइवर को जेल भेज दिया गया है।