अमर उजाला ब्यूरो
हाथरस। अलीगढ़ मंडल के अपर स्वास्थ्य निदेशक डॉ. एसएन सारस्वत ने बुधवार को हाथरस के जिला महिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसएनसीयू के संचालन पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की। स्वास्थ्य सेवाओं को सुधारने के लिए सीएमएस और सीएमओ को निर्देशित भी किया।
गौरतलब हो कि अपर स्वास्थ्य निदेशक डॉ. एसएन सारस्वत पूर्व में जिला महिला चिकित्सालय हाथरस के सीएमएस भी रह चुके हैं। उन्होंने एडी बनने के बाद सबसे पहले हाथरस आगमन पर जिला महिला चिकित्सालय का ही निरीक्षण किया। निरीक्षण में उन्होंने सीएमओ डॉ. बृजेश राठौर के साथ चिकित्सालय की स्वास्थ्य सेवाओं को देखा। मरीजों से बातचीत की।
इसके बाद वह महिला चिकित्सालय की सिक न्यू बोर्न बेबी केयर यूनिट में पहुंच गए। वहां आधुनिक मशीनों से बच्चों की चिकित्सा को देखकर वह काफी प्रसन्नचित्त मुद्रा में दिखाई दिए। डॉक्टरों को जनहित में ईमानदारी पूर्वक मेहनत से काम करने के निर्देश दिए। मौके पर मौजूद सीएमएस डॉ. रूपेंद्र कुमार और डॉ. आईबी सिंह से भी बातचीत की और व्यवस्थाओं को और अधिक सुधारने के लिए कहा।
इसके बाद एडी सीएमओ दफ्तर पर पहुंच गए। वहां सीएमओ दफ्तर में भी स्टाफ से मुलाकात की और शासन के निर्देशों के अनुरूप समय से काम करने के निर्देश दिए। इस दौरान एसीएमओ डॉ. विजेंद्र सिंह, डॉ. संतोष कुमार ने उनका फूलमालाओं से स्वागत भी किया। इस मौके पर डीएमओ डॉ. मुकेश जौहरी, डीपीएम बलवीर सिंह वर्मा, डीसीपीएम धर्मेंद्र कुमार जीएस मिश्रा सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद थे।
------