न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
घटतौली की समस्या अब सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों पर भी सामने आने लगी है। मंगलवार को विधिक माप विज्ञान विभाग की टीम ने शाहजमाल स्थित राशन डीलर के यहां छापा मारकर मिट्टी के तेल के नापने के लीटर में 100 एमएल घटतौली पकड़ी।
जबकि दूसरे डीलर के यहां पांच लीटर का नापने वाला पैमाना बगैर सत्यापित एवं मुद्रंाकन के मिला। इनके खिलाफ अपराध पंजीकृत कर लिया गया है। यही नहीं अनधिकृत बांट माप का इस्तेमाल करने वाले 19 दुकानदारों के खिलाफ अपराध पंजीकृत कराया गया है।
वरिष्ठ निरीक्षक हरीश प्रजापति ने बताया कि मंगलवार को मोहल्ला शाहजमाल स्थित मैसर्स परमेंदर सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेता के यहां जांच की गई।
इस दौरान मिट्टी का तेल के नापने के दो लीटर के पैमाने की जांच में 100 एमएल की घटतौली पायी गई। इलेक्ट्रानिक मशीन की जांच में निर्धारित बांट भी नहीं पाए गए।
दूसरे विक्रेता जाहिद चौधरी के पास पांच लीटर का पैमाना बगैर मोहर, सत्यापन एवं मुद्रांकन के पाया गया। बीमानगर, ऐलनपुर आदि इलाकों में पिछले दिनों किए गए सर्वे में बगैर सत्यापन अनधिकृत बांट एवं तराजू मामले में चार हलवाई, चार स्वर्णकारों समेत 19 लोगों के खिलाफ अपराधा पंजीकृत कराया।