ग्रामीण बोले, सुबह के समय हैंडपंपों से निकलता है रक्तयुक्त पानी
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
लोधा के गांव इब्राहिमपुर व अमरपुर कोंडला के गांव में रक्तयुक्त पानी एवं गांव के नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ हो रहे खिलवाड़ संबंधी समाचार अमर उजाला में प्रकाशित होने के बाद सांसद सतीश गौतम ने एक टीम निरीक्षण के लिए मंगलवार को गांव भेजी।
निरीक्षण में पाया गया कि ग्रामीणों की समस्या कुछ हद तक सही है क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के स्थानीय अधिकारियों ने इस मामले में सही रिपोर्ट नहीं दी है, जिससे वहां के ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों ने बताया कि सुबह के समय वहां के हैंडपंपों से रक्तयुक्त पानी निकलता है। जबकि अधिकारी दोपहर बाद मौके पर पहुंचते हैं तब हैंडपंपों से इतना पानी निकल चुका होता है कि वह देखने में ठीक लगने लगता है।
उपरोक्त क्षेत्रों के निकट स्थापित मीट फैक्ट्रियों के सभी नियमों के पूर्णरूप से अनुपालन न करने की दशा में ऐसी स्थितियां उत्पन्न हो रही हैं, जिससे ग्रामीणों का जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है। संपूर्ण निरीक्षण की रिपोर्ट सांसद को सौंप दी गई है। शीघ्र ही सांसद अधिकारियों से इस संबंध में बात करेंगे। टीम के सदस्यों में संदीप चाणक्य, अधिवक्ता चंद्रमणि कौशिक, अंशुल गुप्ता एवं भाजपा के मंडल अध्यक्ष साहब सिंह शामिल थे।