भाजपा नेता की पत्नी से लूट, विरोध पर ताना तमंचा
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
पुलिस द्वारा दीपावली पर चलाए गए ऑपरेशन के चलते शहर में एक सप्ताह की शांति के बाद झपटमार फिर सक्रिय हो गए हैं। मंगलवार सुबह-सुबह बन्नादेवी के मसूदाबाद बस स्टैंड पर बाइक पर सवार बदमाशों ने एक वरिष्ठ भाजपा नेता की पत्नी से झपट्टा मारकर पर्स लूट लिया।
शोर मचने पर जब लोगों ने इनका पीछा तो बदमाश तमंचा दिखाकर धमकाते हुए भाग गए। खेदजनक पहलू तो यह रहा कि पुलिस ने इस मामले में लूट की रिपोर्ट ही दर्ज नहीं की, बल्कि पर्स को खोया दिखाकर अपने कर्तव्य की इतिश्री कर ली।
स्थानीय पला रोड बैंक कॉलोनी निवासी वरिष्ठ भाजपा नेता सुरेंद्र अग्रवाल की पत्नी स्नेहलता और बेटी पूजा रिश्तेदारी में गाजियाबाद जाने के लिए मंगलवार की सुबह आठ बजे के करीब मसूदाबाद बस स्टैंड पर पहुंची थीं। इसी दौरान बस में पूजा तो चढ़ गई, स्नेहलता जब बस में चढ़ने वाली थी तो इसी दौरान बाइक पर सवार होकर आए दो युवकों ने झपट्टा मारकर पर्स लूट लिया।
पर्स में 10 हजार रुपये, मोबाइल फोन व चाबियां थीं। शोर मचने पर जब कुछ लोग पीछे भागे तो बदमाशों ने तमंचा तान दिया और वहां से आसानी से भाग गए। घटना की सूचना बन्नादेवी पुलिस को दी गई तो पुलिस ने इस मामले में पर्स गिरने की तहरीर ली। इस पर उक्त महिला के पति व अन्य लोगों ने नाराजगी जताई है।