किसान ऋण मोचन योजना में शीर्ष की ओर जनपद
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
किसान ऋण मोचन योजना के क्रियान्वयन एवं लाभार्थी किसानों के मामले में अलीगढ़ जनपद प्रदेश में शीर्ष की ओर जाता नजर आ रहा है। अब तक संपन्न हुए दो चरणों में 45719 किसानों में तीन अरब 42 करोड़ 50 लाख रुपये के कर्ज माफ हो चुके हैं। तीसरे चरण की डिमांड तैयार कर शासन को भेज दी गई है। तीसरे चरण में 34541 किसानों के 234.32 करोड़ रुपये के कर्ज माफ करने की तैयारी है।
तीनों चरणों को जोड़ दिया जाय तो कुल चयनित 1 लाख 28 हजार नौ किसानों में से तीन चरणों में 80260 किसानों के पांच अरब 76 करोड़ 82 लाख रुपये के कर्ज माफ हो जाएंगे। जो कुल किसानों का 62.69 प्रतिशत है। बताते चलें कि तीसरे चरण में 23 अक्तूबर से कोल समेत अन्य तहसीलों में शिविर लगाए जाएंगे। योजना के नोडल अफसर एवं जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार ने स्वीकार किया कि तीन चरणों में 80260 किसानों का पांच अरब 76 करोड़ 82 लाख का कर्जा माफ हो जाएगा। रैकिंग के सवाल पर उन्होंने बताया कि शासन स्तर पर फिलहाल इस योजना की रैंकिंग बनी नहीं है, लेकिन अन्य जनपदों में कर्ज माफी के रिकार्ड को देखते हुए माना जा रहा है कि अलीगढ़ पहले दस जनपदों में स्थान बनाने में सफल रहेगा।
चौथे चरण का सर्वे आरंभ
अलीगढ़। नोडल अफसर ने बताया कि किसान ऋण मोचन योजना में चौथे चरण का सर्वे आरंभ हो गया है। इस चरण में चयनित किसानों में से शेष बचे उन किसानों का ऋण मोचन होना है, जिनकी या तो मृत्यु हो गई और वारिसान के झंझट के चलते चयन नहीं हो सका। अथवा जनपद से बाहर रहने या फिर निर्धारित प्रमाणपत्र जमा न करने या देरी से करने की वजह से तीन चरणाें की सूची में उनका नाम न आ सका हो।