ट्रैक्टर एजेंसी संचालक अपहरण कांड में गोंडा प्रमुख से पूछताछ
ब्यूरो, अमर उजाला, इगलास।
कस्बे के ट्रैक्टर एजेंसी संचालक तेजवीर सिंह के अपहरण में पुलिस ने सुराग मिलने पर गोंडा के दबंग ब्लाक प्रमुख चौ. प्रदीप सिंह को रात उनके घर पर दबिश देकर हिरासत में ले लिया। पुलिस ने पूछताछ के बाद दोपहर के समय प्रदीप सिंह को छोड़ दिया। एसएसपी ने कहा कि इस मामले में जल्द सच सामने लाया जाएगा।
बता दें कि तेजवीर सिंह करीब साढ़े तीन माह से गायब हैं। आखिरी बार वह घर से पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष तेजवीर सिंह गुड्डू के बेटे संग गए थे। वह उनका मोबाइल भी यह कहकर देकर गया था कि वह रास्ते में कहीं उतर गए।
इस दौरान उनका फोन गाड़ी में रह गया। इसके बाद से परिजन तेजवीर सिंह की तलाश में जुटे हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया तो कई दौर की पूछताछ के बाद अब आकर नया क्लू गुड्डू के साले गोंडा ब्लाक प्रमुख चौ. प्रदीप सिंह को लेकर मिला।
इसी आधार पर रात कई थानों के पुलिस बल के साथ गोंडा के गांव शहरी मदन गढ़ी में दबिश देकर प्रदीप को हिरासत में लिया। वहां से इगलास थाने लाकर कई दौर की पूछताछ हुई। एसएसपी राजेश पांडेय ने बताया कि कुछ सुरागों के आधार पर प्रदीप से पूछताछ की गई है। पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। इस मामले में खुलासे के प्रयास जारी हैं।