सिपाही के तमंचा लगाकर वर्दी, रुपये लूटे
ब्यूरो, अमर उजाला, चंडौस (अलीगढ़)।
पिसावा थाना क्षेत्र के नगलिया बिजना में मंगलवार की रात एक सिपाही को तमंचा लगाकर बदमाशों ने लूट लिया। बदमाशों के पास से रुपये, मोबाइल, वर्दी आदि लूटकर ले गए। लूट का शिकार सिपाही कानपुर देहात जिले में तैनात है और अवकाश लेकर अपने घर जा रहा था। सिपाही की ओर से पिसावा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
जानकारी के अनुसार कानपुर देहात के थाना देवराहट में तैनात सिपाही शीलेंद्र सिंह पुत्र वीरेंद्र सिंह सोमवार रात अपने गांव दमुआका थाना पिसावा जा रहे थे। जैसे ही नगलिया बिजना के पास पहुंचे तभी पीछे से आए बाइक सवार चार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। सिपाही के तमंचे लगा दिए।
इसके बाद सिपाही शीलेंद्र सिंह के पास मौजूद 7600 रुपये, मोबाइल, वर्दी आदि लूटकर ले गए। इस दौरान सिपाही ने लुटेरों से भिड़ने की कोशिश की तो चारों लुटेरों ने सिपाही से मारपीट भी की। लूटकर फरार होने के बाद सिपाही ने जैसे तैसे कंट्रोल रूम में सूचना दी जिस पर पीआरवी टीम मौके पर पहुंची।
कोतवाल पिसावा संजय पांडे के अनुसार सिपाही अवकाश पर अपने गांव जा रहा था। अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बदमाशों की तलाश की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।