सदन से सड़क तक लड़ी जाएगी शिक्षकों की लड़ाई
ब्यूरो, अमर उजाला, इगलास (अलीगढ़)।
हाथरस मार्ग स्थित चमेली देवी मेमोरियल हास्पिटल पर माध्यमिक वित्तविहीन शिक्षक अधिकार जागरूक यात्रा का गुरुवार को स्वागत किया गया। मोटर साइकिल पर चल रहे प्रदेश अध्यक्ष एवं लखनऊ के शिक्षक विधायक का शिक्षकों ने फूलमाला पहनाकर स्वागत किया।
माध्यमिक वित्तविहीन शिक्षक महासभा की इस जागरूक यात्रा का नेतृत्व कर रहे संगठन के प्रदेश अध्यक्ष उमेश द्विवेदी (शिक्षक विधायक लखनऊ) ने बताया कि जागरूकता यात्रा शिक्षकों को संगठित कर आगामी चार दिसंबर को लखनऊ में महासम्मेलन आयोजित कर सरकार को अपनी ताकत का अहसास कराएगी।
अकारण प्रदेश के एक लाख 92 हजार शिक्षकों का मानदेय रोककर सरकार ने बहुत बड़ा अपमान किया है। इसका परिणाम सरकार को भोगना पड़ेगा। इस लड़ाई को सड़कसे सदन तक लड़कर हर हाल में हम मुकाम तक पहुंचाया जाएगा। 75 जिलों में बाइक यात्रा निकाली जा रही है। कहा कि समान शिक्षा दे रहे शिक्षकों को समान कार्य का समान वेतन दिया जाए। पुरानी पेंशन योजना बहाल की जाए।
सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के क्रम में उच्चीकृत जूनियर विद्यालयों को अनुदान पर लेने आदि की मांगे संगठन कर रहा है। इस मौके पर सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर चौ. रु द्र सिंह, डॉ. रामकुमार सिंह, शिवकुमार, सत्यप्रकाश सिंह, देवेंद्र सिंह, लोकेश उपाध्याय, जितेंद्र सिंह, ओमवीर सिंह, कृष्णगोपाल, हरीओम चौधरी, विकास कुमार, मनोज कुमार आदि मौजूद थे।