किसानों की समस्याओं को लेकर रालोद का आंदोलन शुरू
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
अलीगढ़। किसानों की समस्याओं को लेकर राष्ट्रीय लोकदल ने गुरुवार से आंदोलन की शुरुआत कर दी है। कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट पर किसानों के मुद्दे पर नाराजगी जताते हुए योगी सरकार को किसान विरोधी बताते हुए नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। एसीएम द्वितीय को राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौँपा।
वरिष्ठ नेता नवाब सिंह छोंकर ने बताया कि ज्ञापन में अलीगढ़ जिले को सूखा ग्रस्त घोषित कर प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की मांग की र्गई है। यही नहीं मंदी की मार से बर्बाद आलू किसानों को मुआवजा देने और आलू का निर्यात खोलने की भी मांग की है। चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ तो सरकार को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। प्रदेश सरकार किसानों की समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं है। किसान आत्महत्या करने को मजबूर है।
छात्र नेता जियाउर्रहमान ने कहा कि भाजपा सरकार में सूखा से किसान बेहाल है। इस अवसर पर पूर्व विधायक भगवती प्रसाद, युवा प्रदेश महासचिव कुलदीप डांगुर, चौ. देवजीत सिंह, मनोज यादव, नीरज शर्मा, अधिवक्ता नेता प्रतीक चौधरी, मनु चौधरी, शैलेश रावत एड, किरनपाल सिंह, लोकेन्द्र फौजदार, चौ मोहन लाल वर्मा, एदल सिंह, डॉ इरफान, फूल सिंह एड, केपी सिंह, रामस्वरूप कोरी, सुरेन्द्र सिंह, केशव राम, सत्यवीर सिंह आदि उपस्थित थे।