क्रिकेट टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगी बेटियां, 18 से आगाज
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
बेटियों के लिए भी जिला स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट का 18 अगस्त से आगाज होने जा रहा है। आगरा रोड स्थित डीपीएस के मैदान पर खेले जाने वाले टूर्नामेंट का शुभारंभ डीपीएस के प्रो. वाइस चेयरमैन स्वप्निल जैन करेंगे। खिलाड़ियों को पुरस्कृत पावना ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज के कार्यकारी निदेशक मुकेश जैन करेंगे।
गुरुवार को पुरातन छात्र समिति के संस्थापक अध्यक्ष प्रदीप के. गुप्त ने पत्रकारों को बताया कि टूर्नामेंट में चिंरजीलाल कन्या इंटर कॉलेज, टीकाराम कन्या इंटर कॉलेज, जट्टारी क्षेत्र से एक टीम ने हिस्सा लेने की समिति को सहमति दी है। हालांकि, एक-दो और टीमों के हिस्सा लेने की संभावना है।
टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाली टीमें चिरंजीलाल इंटर कॉलेज पहुंचेंगी, जिन्हें बस से डीपीएस के मैदान तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर कोई टीम टूर्नामेंट में हिस्सा लेना चाहती है तो वह समिति के कार्यालय विद्यानगर में 15 अगस्त तक संपर्क कर सकती है। टीमों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा, बल्कि विजेता व उपविजेता टीम को नकद इनाम दिया जाएगा। बेस्ट बॉलर, बैट्समैन, क्षेत्र रक्षक, विकेटकीपर, मैन ऑफ द मैच और सीरीज का पुरस्कार भी दिया जाएगा।