प्रार्थना सभा में बताए जाएंगे डेंगू से बचाव के उपाय
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
डेंगू से छात्र-छात्राओं को बचाने की कवायद शिक्षा विभाग ने शुरू कर दी है। विद्यालयों में प्रार्थना सभा के बाद छात्र-छात्राओं को डेंगू रोग से नुकसान और बचाव की जानकारी दी जाएगी।
इस बाबत डीआईओएस ने सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं। डीआईओएस ने कहा है कि डेंगू रोग की रोकथाम के लिए प्रार्थना सभा के दौरान छात्र-छात्राओं को अवगत कराएं।
विद्यालय के मुख्य गेट के पास नोटिस बोर्ड पर डेंगू रोग के लक्षण, रोग के कारण और इससे बचाव के बारे में अवगत कराएं। बच्चों को निर्देश दें कि वह पूरी बाजू की शर्ट व पैंट पहनें ताकि उनका मच्छरों से बचाव हो सके।
विद्यालयों में फॉगिंग की भी व्यवस्था की जाए। विद्यालयों की पानी की टंकी में नियमित क्लोरीन डलवाई जाए। विद्यालय में किसी भी स्थान पर पानी को एकत्रित न होने दें।
उन्होंने सभी प्रधानाचार्यों से यह भी कहा है कि वह सीएमओ से संपर्क कर डेंगू रोग से संबंधित पंफलेट प्राप्त कर लें और इनका वितरण कराएं।