महाराष्ट्र की मां-बेटी को नहीं मिल रही मदद
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
महाराष्ट्र की महिला अपनी तीन साल की बेटी संग पिछले तीन दिन से यहां मदद के लिए दर-दर की ठोकरें खा रही है। मगर उसे कल तक कहीं सहारा नहीं मिला। शनिवार को किसी मदद से वह एसएसपी तक पहुंची तो एसएसपी ने उसकी मदद के लिए एसओ दादों को तत्काल निर्देशित किया है। मगर थाना स्तर पर फिर भी सुनवाई नहीं हुई।
वाकये के अनुसार दादों के लहरा सलेमपुर का संजय महाराष्ट्र में नौकरी करता था। इसी दौरान काम करने वाली मालती निवासी लगाम थाना अहेरी जिला गढ़ चिरौली महाराष्ट्र से उसने शादी कर ली। शादी के बाद उसे एक बच्ची साक्षी पैदा हुई। आरोप है कि करीब एक माह पहले उसका पति संजय उसे गांव घुमाने ले आया।
मालती से यहां ससुरालियों ने मारपीट कर दी। अगले दिन पति उसे महाराष्ट्र के लिए चलने के बहाने साथ में ले गया। वह उसे आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर छोड़कर भाग गया। पति को तलाशते हुए वह गांव लहरा सलेमपुर पहुंची तो वहां से ससुरालियों ने मारपीट कर भगा दिया। दादों थाने गई तो वहां उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई। वह तीन दिन पहले शहर में आ गई और अपनी पीड़ा एसएसपी को मिलकर बयां की। उन्होंने इलाका पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। लेकिन मदद नहीं मिली। अब वह रेलवे स्टेशन पर भूखी प्यासी समय काट रही है।