न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
मूल्यांकन केंद्रों पर इस हफ्ते कापी जांचने के दौरान एक परीक्षक को एक परीक्षार्थी का अजीब-ओ-गरीब संदेश मिला। कापी में लिखा हुआ था कि सर मुझे अच्छे नंबर दे देना। इसे देख परीक्षक हास्यास्पद स्थिति में आ गया। इस बात का खुलासा तब हुआ, जब शनिवार को कुछ परीक्षक आपस में बैठक वार्ता कर रहे थे।
शहर के एक मूल्यांकन केंद्र पर आपसी वार्ता के दौरान एक परीक्षक ने बताया कि कुछ दिनों पहले उनको एक ऐसी कॉपी मिली। जिसे वह जिंदगी में याद रखेंगे। इस चकल्लस में उन्होंने बताया कि कापी के अंदर परीक्षार्थी ने एक संदेश लिख रखा था। जो उनके दिमाग को घर कर गया। उन्होंने बताया कि कापी में लिखा था कि सर मुझे अच्छे से नंबर दे देना।
आपको खुश कर दिया जाएगा। मेरा मोबाइल नंबर लिखा हुआ है। इस पर आप फोन कर लेना। मुझे अपना अकाउंट नंबर, नाम आदि की जानकारी दे देना। रुपयों की कोई कमी नहीं है। जितना कहोगे, उतना भेज दिया जाएगा। खैर जो भी हो, लेकिन यह संदेश परीक्षकों में हास्य का कारण बना रहा। गौरतलब हो कि पूर्वांचल क्षेत्र की कापियों को यहां चेक करने के लिए भेजा गया है। ऐसे में यह संदेश भी पूर्वांचल के किसी परीक्षार्थी द्वारा लिखा गया होगा। वहीं कुछ केंद्रों से कापियों में रुपये निकलने की सूचना भी चर्चा का विषय बनी हुई है। लेकिन मूल्यांकन केंद्र प्रभारियों के अनुसार अभी तक किसी भी प्रकार के रुपये कापियों से नहीं निकले हैं।
नौ दिनों में 67.99 प्रतिशत कापियों का हुआ मूल्यांकन
अलीगढ़। आठ मार्च से जिले के चार केंद्रों पर शुरू हुआ मूल्यांकन कार्य शनिवार तक 67.99 प्रतिशत पूरा हो गया है। बचे छह कार्य दिवस में 195846 कापियों का मूल्यांकन होना बाकी। डीआईओएस के मुताबिक तय समय में कार्य को पूरा कर लिया जाएगा।