न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय में कनेक्टिविटी जाने के कारण पिछले दो दिन से कामकाज पटरी से उतर गया है। यहां न तो वाहनों का काम हो रहा है और न ही लर्निंग व परमानेंट लाइसेंस बन पा रहे हैं। पिछले दो दिन से लगातार ऐसा हो रहा है। कनेक्टविटी का सुबह से लेकर शाम तक इंतजार करने के बाद लोगों को मायूस होकर लौटना पड़ रहा है।
शुक्रवार को सुबह से गई कनेक्टिविटी दोपहर 12 बजे आई और उसके बाद फिर दो बजे चली गई। हालांकि दोपहर दो बजे के बाद कनेक्टिविटी बंद करने के आदेश स्वयं डीएम ने एएमयू में चल रहे घटनाक्रम को देखते हुए दिए थे, लेकिन इसके कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
इस दौरान अधिकारियों ने लाइसेंस बनवाने के लिए आए लोगों को शनिवार को आने को कहा, लेकिन वह कनेक्टिविटी के इंतजार में शाम तक जमे रहे।
आरटीओ राधेश्याम ने बताया कि वाहन-4 और सारथी-4 पूरी तरह से कनेक्टिविटी पर निर्भर है। आए दिन कनेक्टिविटी जाने के कारण काम प्रभावित होता है। इसकी जानकारी मुख्यालय को दी गई है।