न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
जिलाधिकारी चंद्र भूषण सिंह ने शुक्रवार को जन सुनवाई के दौरान 49 शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों को निस्तारण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इस मौके पर तहसील इगलास के सुरजा करौली ग्राम के कालीचरन पुत्र सरदार सिंह ने शिकायत की कि उसके खेत में हिस्सेदार ने जमीन पर अवैध कब्जा कर रखा है।
इस पर जिलाधिकारी ने एसडीएम इगलास को इस प्रकरण की नियमानुसार जांच कर एक सप्ताह में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। किसान ऋण मोचन योजना से संबंधित एक प्रकरण में तहसील अतरौली के पवित्र कुमार पुत्र स्व. जबर सिंह ने शिकायत की कि उसका नाम ऋण मोचन की सूची में शामिल था, परंतु उसे योजना का लाभ नहीं दिया गया है।
उसने किसान ऋण मोचन योजना ऑनलाइन पोर्टल पर भी शिकायत की, फिर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिलाधिकारी ने इस मामले को मुख्य विकास अधिकारी को रैफर करते हुए प्रकरण को जांच के आदेश दिए। जन सुनवाई के दौरान जिलास्तरीय अनेक विभागीय अधिकारी एवं शिकायतकर्ता उपस्थित रहे।