दामोदर नगर के नाम से जाना जाएगा सांसद का गांव सढ़ा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
सांसद सतीश गौतम का पैत्रिक गांव सढ़ा भविष्य में दामोदर नगर के नाम से जाना जाएगा। सांसद अपने पिता के नाम से गांव का प्रवेश द्वार बनवाना चाहते हैं, साथ ही गांव का नाम भी पिता के नाम पर रखवाने के इच्छुक हैं।
सांसद की इच्छा का सम्मान करते हुए जिला पंचायत राज विभाग ने इसका प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। सांसद ने गांव में सरकारी अस्पताल बनवाने की भी मांग रखी है। यहां तक कह दिया है कि यदि गांव में अस्पताल के लिए जमीन उपलब्ध नहीं होती है तो वह अपनी जमीन दान देकर यहां अस्पताल बनवाने को तैयार हैं।
इस मामले में उन्होंने डीसी मनरेगा एवं डीपीआरओ समेत अन्य अफसरों से चर्चा की तो गांव में शौचालय समेत अन्य विकास कार्यों पर रिपोर्ट ली। इस अवसर पर उन्होंने गांव के संपर्क मार्ग के चौड़ीकरण के साथ गांव की हर सड़क को सीसी कराने को कहा।
गांव के ओडीएफ होने पर संतोष जताते हुए यहां पर्याप्त मात्रा में शौचालय बनवाने तथा आर्थिक रूप से कमजोर ग्रामीणों को मनरेगा में शत प्रतिशत रोजगार देने को कहा। गांव के रास्तों को सोलर लाइटों से जगमगाने के लिए यहां पर्याप्त मात्रा में सोलर लाइटें लगवाने को कहा।
कहा कि मेरी कोशिश रहेगी कि गांव आदर्श गांव जैसा बन जाए। सांसद सतीश गौतम ने स्वीकार किया कि वे अपने पैत्रिक गांव सढ़ा को आदर्श गांव में तब्दील करने के लिए हर संभव कोशिश कर रहे हैं। गांव का गेट और नाम अपने पिता दामोदर गौतम के नाम पर करने का प्रस्ताव शासन को भिजवाया जा चुका है। निर्माण कार्य के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसका उद्घाटन कराया जाएगा।
शौचालय व विकास के लिए दोबारा होगा सर्वे
जिला पंचायत राज अधिकारी पारुल सिसौदिया ने बताया कि सांसद के साथ चर्चा के बाद विभाग ने शौचालय निर्माण से लेकर अन्य बिंदुओं पर दोबारा से सर्वे का निर्णय लिया है। यह सर्वे जल्द ही कराया जाएगा।