आजम खां पांच साल तक करते रहे जहरीली तकरीर : राणा
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
प्रदेश के गन्ना विकास मंत्री व जिला प्रभारी सुरेश राणा ने कहा कि आजम खां पांच साल तक सिर्फ जहरीली तकरीर देते रहे। उनके कार्यकाल में जिन नगरीय निकायों में भाजपा सत्ता में थी, उनको एक धेला नहीं दिया गया। उनके विकास में उल्टा अड़ंगा अड़ाया गया। उन्होंने बताया कि अलीगढ़ के स्मार्ट सिटी पैकेज के लिए 2600 करोड़ रुपया मंजूर किया है।
वहीं कई हजार करोड़ रुपये अलीगढ़ समेत प्रदेश के प्रमुख शहरों के विकास के लिए दिया जाना तय किया गया है। प्रभारी मंत्री यह बातें गुरुवार देर रात यहां वार्ष्णेय मंदिर में पार्टी पदाधिकारियों, वार्ड प्रभारियों, प्रत्याशियों व मेयर प्रत्याशी संग चुनावी तैयारियों संबंधी बैठक में कहीं। उन्होंने इस दौरान प्रत्याशियों व पार्टी नेताओं को पार्टी के विकास व राष्ट्रवाद एजेंडे के सहारे चुनाव प्रचार करने पर जोर दिया और यह भी कहा कि वह योगी सरकार के छह माह के कार्यकाल की उपलब्धियां भी जनता के सामने रखें।
उन्होंने इस बैठक में आजम खान पर कड़ा हमला बोलते हुए कहा कि जनता सब जानती है। उन्होंने अपने पूरे पांच साल के कार्यकाल में विकास नहीं होने दिया। वरना अलीगढ़ अब तक कहां होता।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि सभी नेता पार्टी प्रत्याशियों की जीत के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाने का संदेश दिया। यह भी कहा कि जो भी अपने नाराज हैं, उन्हें भी किसी भी स्तर पर मनाया जाए। ताकि कहीं कोई कसर बाकी न रह जाए। इस मौके पर भाजपा महानगर अध्यक्ष विवेक सारस्वत, चुनाव प्रभारी भानू प्रताप सिंह, रविंद्र भड़ाना, मानवेंद्र प्रताप सिंह, मनीष राय, पवन खंडेलवाल, यतेंद्र वाईके, रीता राजपूत, चंद्रमणि कौशिक आदि मौजूद रहे।