सीआर्म मशीन को लेकर जिला अस्पताल में फिर हंगामा
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
मलखान सिंह जिला अस्पताल में स्थापित हो रही हड्डी जोड़ने की आधुनिक मशीन, सीआर्म मशीन को उखाड़ने का विवाद गुरुवार को फिर गरमा गया। भाजपा नेताओं ने मशीन उखाड़ने पर ठेकेदार को जमकर खरी खोटी सुनाई। ठेकेदार ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के निर्देशों का हवाला देकर अपनी मजबूरी बताई। बाद में विधायक संजीव राजा ने सीएमओ को सख्त लहजे में चेतावनी दी कि यदि अगर यह मशीन दोबारा नहीं लगी, तो किसी भी स्थिति के लिए तैयार रहें।
कई सालों बाद जिला अस्पताल में सीआर्म मशीन लगाने का काम हो रहा है। पिछले दिनों ठेकेदार काम छोड़कर जाने लगा तो विधायक ने हस्तक्षेप किया था। गुरुवार को फिर जब भाजपा नेताओं को पता चला कि काम बंद हो गया है, तो वह विधायक के निर्देश पर अस्पताल पहुंचे। वहां काम वाले कमरे में ताला लगा मिला। भाजपा नेताओं ने ठेकेदार को बुलाया।
आरोप लगाया कि अस्पताल के बाहर कुछ निजी डाक्टरों की प्रैैक्टिस बंद न हो जाए, इसलिए उन्होंने ठेकेदार को मोटी रकम देकर मशीन को दीन दयाल अस्पताल में लगाने के लिए कह दिया है। ठेकेदार ने कहा कि उस पर एक विभाग के एक अधिकारी का दबाव है। संजीव राजा ने सीएमओ डॉ. एमएल अग्रवाल से कह दिया कि गरीबों के लिए इसी अस्पताल में मशीन लगवाई जाएगी, नहीं तो किसी भी परिस्थिति को भुगतने के लिए तैयार रहें। अस्पताल पहुंचने वाले भाजपा नेताओं में राजेंद्र वार्ष्णेय चीफ, प्रदीप पेंटर, करन वार्ष्णेय किन्सू, नासिर, शहजाद खान आदि शामिल थे।
क्या है सीआर्म मशीन?
मलखान सिंह जिला अस्पताल में अभी भी हड्डी 30 साल पुरानी तकनीक से जोड़ी जाती है। इसमें मैनुअली टूटी हड्डी के दोनों सिरों को एक-दूसरे में बिठाकर प्लास्टर चढ़ा दिया जाता है। इस विधि में हड्डी के गलत जुड़ने या टेढ़े जुड़ने की आशंका रहती है। जबकि सी आर्म मशीन में डाक्टर कंप्यूटर पर हड्डी जोड़ते समय देख लेता है कि टूटी हड्डी के दोनों सिरे ठीक से मिल गए हैं या नहीं। 99.99 फीसदी हड्डी सही जुड़ती है।
क्या होगा फायदा
इस मशीन के लगने से गरीब मरीजों को हजारों रुपये का इलाज करीब-करीब नि:शुल्क हासिल हो जाएगा।