एएमयू में आएंगे देश के दिग्गज रेडियोलोजिस्ट
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
अलीगढ़। इंडियन रेडियोलोजिकल एंड इमेजिंग एसोसिएशन (यूपी स्टेट चैप्टर) की वार्षिक स्टेट कांफ्रेंस एएमयू के जेएन मेडिकल कॉलेज में 28-29 अक्तूबर को आयोजित होने जा रही है। इसमें देश के दिग्गज रेडियोलोजिस्ट शामिल होंगे। इसकी जानकारी एसोसिएशन के सचिव डॉ. प्रो. मो. खालिद ने पत्रकारों को दी।
डॉ. खालिद ने बताया कि कार्यक्रम में रेडियोलोजिक एंड इमेजिंग एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. भूपेंद्र आहुजा, डॉ. मोहनन, गुजरात के डॉ. हेमंत पटेल, अपोलो चेन्नई के डॉ. चिदंबरनाथ, महाराष्ट्र के डॉ. आसिफ मेनन, एम्स के डॉ. आंसू सेठ भल्ला, डॉ. राजेश, डॉ. शिवानंद, सदफदरजंग से डॉ. शबनम भंडारी सहित बीएचयू, पीजीआई लखनऊ सहित प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से 200 से अधिक डॉक्टर पहुंच रहे हैं। इमर्जिंग रेडियोलोजी थीम पर आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एएमयू कुलपति प्रो. तारिक मंसूर होंगे।
प्रो. खालिद ने बताया कि स्टेट कांफ्रेंस पहली बार अलीगढ़ में होने जा रही है। खास फायदा यह होगा कि रेडियोलोजी के क्षेत्र की नई खोज से न सिर्फ अलीगढ़ बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के चिकित्सक लाभान्वित होंगे और अंतत: उसका लाभ मरीजों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि ट्रॉमा में आपातकालीन केस बढ़ रहे हैं। हर साल 2 से 3 प्रतिशत की वृद्धि हो रही है। इसकी वजह से रेडियोलोजी की महत्ता भी बढ़ती जा रही है। आपातकालीन केस में सही समय पर सही तकनीक का चयन बहुत जरूरी होता है। इसका असर मरीजों के उपचार पर पड़ता है। कांफ्रेंस में इन सब बातों पर भी विचार किया जाएगा। इसका आयोजन यूपीआईआरआईए एवं जेएनएमसी के रेडियोडायग्नोसिस विभाग द्वारा किया जा रहा है। एएमयू के एपीआरओ जीशन अहमद आदि मौजूद थे।