डीपीएस ने विजडम स्कूल को हराया
ब्यूरो,अमर उजाला,अलीगढ़।
डीपीएस ने विजडम पब्लिक स्कूल को पेनाल्टी शूट में 2-1 से हराकर अंडर-17 फुटबॉल प्रतियोगिता जीत ली। इस प्रतियोगिता की प्रायोजक बैंक ऑफ बड़ौदा, जो इस समय में देश में हो रही फीफा अंडर-17 फुटबॉल विश्वकप की प्रायोजक है। हर जिले में फुटबॉल प्रोत्साहन के लिए बैंक यह आयोजन कर रही है।
मंगलवार को स्टेडियम में विजडम पब्लिक स्कूल ने मीरा निहार स्कूल को 5-0 से हरा दिया। दूसरे मैच में डीपीएस ने मॉडर्न कान्वेंट स्कूल को 1-0 से मात दी। फाइनल में विजडम पब्लिक स्कूल व डीपीएस के बीच मुकाबला हुआ।
दोनों टीमों के अग्रिम पंक्ति के खिलाड़ियों ने शानदार मूव बनाए, लेकिन खेल खत्म होने तक दोनों टीमों की ओर से कोई गोल नहीं हो सका। मैच का फैसला पेनाल्टी शूट से हुआ। डीपीएस के पांच में से तीन और विजडम के चार खिलाड़ियों ने फुटबॉल को किक गोल पोस्ट से बाहर मारी।
डीपीएस ने फाइनल जीत लिया। मुख्य अतिथि वरिष्ठ कोषाधिकारी मोनिस अली सिद्दीकी, जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष डॉ. रक्षपाल सिंह ने विजेता व उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।
संचालन फुटबॉल संघ के सचिव तौफीक अहमद खां ने किया। बैंक ऑफ बड़ौदा के शाखा प्रबंधक उत्कर्ष चिराग ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस मौके पर क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी रानी प्रकाश, उप क्रीड़ा अधिकारी अश्वनी कुमार त्यागी आदि मौजूद रहे।