जिपं अध्यक्ष अविश्वास प्रस्ताव प्रकरण में आज आ सकता है कोई नया मोड़
ब्यूरो,अमर उजाला ,अलीगढ़।
जिला पंचायत अध्यक्ष एवं भाजपा नेता उपेंद्र सिंह नीटू के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को लेकर सोमवार को कोई नया मोड़ आ सकता है। इस संबंध में नीटू के विरोधी खेमे की ओर से पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष एवं वर्तमान में जिपं सदस्य चौ. सुधीर सिंह, जिपं सदस्य अजित गौड़, जिपं सदस्य एडवोकेट दिनेश सिंह सहित अन्य लोगों ने अविश्वास प्रस्ताव लाने में पूरी ताकत झोंक दी है। जिसमें पूर्व जिपं सदस्य पति शिवनारायण शर्मा भी साथ है।
बकौल अजित गौड़ जिलाधिकारी ने सोमवार को अविश्वास प्रस्ताव की तारीख देने के लिए बुलाया है। मुलाकात के बाद ही पता चलेगा कि अविश्वास प्रस्ताव की तारीख देते हैं या नहीं। इस संबंध में जिलाधिकारी ऋषिकेश भास्कर याशोद ने बताया कि प्रस्ताव सामने आने के बाद ही कुछ तय होगा। क्योंकि प्रस्ताव अगर नियमानुसार वैधानिक होगा तभी स्वीकार किया जाएगा अन्यथा नहीं..।
गौर हो कि सवा दो महीने से जिला पंचायत अध्यक्ष उपेंद्र सिंह नीटू के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने को लेकर जोरआजमाइश जारी है। इस दौरान नीटू और उनके चाचा पूर्व कबीना मंत्री ठा. जयवीर सिंह बसपा छोड़ कर भाजपा में शामिल हो चुके हैं। इसके बाद भी उनको राहत नहीं मिली है।
उनका विरोध करने वालों में कुछ भाजपा के ही नेता शामिल हैं, जबकि बचाव करने वाले भी वरिष्ठ भाजपाई ही हैं। इस बीच सियासी उठापटक भी जारी है। जिपं सदस्यों का समर्थन जुटाने में दोनों ओर से पूरी ताकत झोंक दी गई है।
अगर जिला प्रशासन ने सोमवार को अविश्वास प्रस्ताव स्वीकार कर लिया और कोई तारीख दे दी तो उस तारीख को विरोधी खेमे को अपना संख्याबल साबित करना होगा।