स्वाइन फ्लू से स्कूलों में प्रार्थना सभा से परहेज
ब्यूरो,अमर उजाला ,अलीगढ़।
स्वाइन फ्लू के मामले को देखते हुए अधिकतर स्कूलों में प्रार्थना सभा से परहेज किया जा रहा है। इसके साथ ही बुखार या जुकाम की स्थिति में बच्चों को स्कूल भेजने के बदले चिकित्सकों से दिखाने का सुझाव दिया जा रहा है। एहतियात के तौर पर बीमारी की चपेट में आने से बचने के लिए लोग होमियोपैथिक चिकित्सक से दवा ले रहे हैं।
महानगर में स्वाइन फ्लू के एक के बाद एक करके कई मामले सामने आ चुके हैं। इसकी वजह से अभिभावक ही नहीं, बल्कि स्कूल संचालकों की भी चिंता बढ़ने लगी है।
कृष्णा इंटरनेशनल स्कूल, हैरिटेज इंटरनेशनल स्कूल एवं ब्रिलिएंट समेत अन्य कई स्कूलों में सुबह की एसेंबली स्थगित कर दी गई है। बुखार एवं जुकाम आदि की स्थिति में बच्चों को स्कूल भेजने के बदले चिकित्सकों से दिखाने का सुझाव दिया जा रहा है। स्वाइन फ्लू को लेकर चिंतित बहुत सारे अभिभावक एहतियात के तौर पर होमियोपैथिक चिकित्सक से दवा ले रहे हैं, ताकि इस बीमारी की चपेट में नहीं आएं।
स्वाइन फ्लू को देखते हुए स्कूल में प्रार्थना सभा स्थगित कर दी गई है। बुखार या जुकाम की स्थिति में बच्चों को स्कूल न भेजने की सलाह अभिभावकों को दी गई है। यह भी कहा गया है कि वह बच्चों को चिकित्सक से दिखाएं।
- प्रवीण अग्रवाल, निदेशक कृष्णा इंटरनेशनल स्कूल एवं अध्यक्ष पब्लिक स्कूल डेवलपमेंट सोसाइटी
एहतियात के तौर पर एसेंबली स्थगित कर दी गई है। स्वाइन फ्लू को लेकर बच्चों को जागरूक किया गया जा रहा है। मेडिकल लगाकर बच्चों की छुट्टी का इंतजाम किया जाएगा।
- डॉ. राकेश नंदन, सचिव हैरिटेज इंटरनेशनल स्कूल एवं सचिव पब्लिक स्कूल डेवलपमेंट सोसाइटी
बीमारी से बचाव के लिए बहुत ही कम कीमत पर लोगों को दवा दी जा रही है। यह दवा स्वाइन फ्लू के लक्षण को खत्म करती है। जुकाम या बुखार होने पर सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। किसी से हाथ मिलाने से बचें। रुमाल साथ में रखें। सार्वजनिक स्थल में छींकने से बचें। मास्क लगाएं। स्वीमिंग पूल में स्नान न करें। इससे स्वाइन फ्लू तेजी से फैलता है।
- डॉ. रजत सक्सेना, होमियोपैथिक चिकित्सक