गिरासू भवनों को लेकर नगर निगम गंभीर नहीं
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर के पुराने व व्यस्ततम बाजारों में बहुत से भवन गिरासू हैं, जो पूर्व में नगर निगम द्वारा चिन्हित किये जा चुके है। मगर नगर निगम के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है।
इस संबंध में अलीगढ़ उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की एक बैठक इंदिरा मार्केट स्थित कार्यालय पर हुई। अध्यक्षता कर रहे महानगर अध्यक्ष ज्ञानचंद्र वार्ष्णेय ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर रोष व्यक्त करते हुए कहा कि महानगर में नगर निगम किसी गंभीर हादसे का इंतजार कर रहा है।
व्यस्तम बाजारों जैसे कनवरीगंज, हलवाई खाना, मदारगेट, रेलवे रोड, व बारहद्वारी पुराने घंटाघर के पास पर कुछ भवन जर्जर व गिरासू स्थिति में है। ये भवन कभी भी हादसे का शिकार हो सकते है।
प्रदेश संगठन मंत्री मास्टर ओमप्रकाश ने बताया कि ये समस्त भवन पूर्व में नगर निगम द्वारा चिन्हित भी किये जा चुके है, मगर घोर लापरवाही के चलते नगर निगम कोई कार्यवाही नहीं कर रहा है। भूपेंद्र वार्ष्णेय, सुरेश चंद्र पेठेवाले आदि मौजूद थे।