सहपऊ के दो गावों में चोरों ने किया हाथ साफ
ब्यूरो, अमर उजाला, हाथरस।
क्षेत्र में चोरी की वारदात बढ़ती ही जा रही है। बीती रात में चोरों ने क्षेत्र के दो अलग गांवों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। एक गांव में कमरे का ताला तोड़ नकदी सहित लाखों का माल पार कर दिया गया।
तो वहीं दूसरे गांव में चोर सोती महिला के कानों से कुंडल खींच कर भाग गए। इससे महिला के कान फट गए। महिला के चीख सुनकर उसके परिजनों एवं ग्रामीणों ने चोरों का पीछा किया। चोरों की फायरिंग से ग्रामीण ने चोरों का पीछा करना छोड़ दिया। पीड़ितों ने कोतवाली में अज्ञात चोरों के नाम तहरीर दे दी है।
थाना क्षेत्र के गांव बागपुर में चोरों ने रामगोपाल पुत्र फतेह सिंह के एक कमरे का ताला तोड़ उसमें रखे सारे आभूषण, साठ हजार रुपये नकद, घर के बर्तन, कपड़े तथा अन्य कागजात चुरा लिए। सुबह जागने पर घटना की जानकारी हुई। साठ हजार रुपये वह भैंस खरीदने के लिए किसी से उधार लेकर आया था।
इधर इसी रात को चोरों ने अपने घर के आंगन में सोई गांव नगला मनी निवासी विजेंद्र सिंह बघेल की पत्नी उर्मिला के कानों के कुंडल खींच लिए। कानों के कुंडल खींचने पर वह बुरी तरह से घायल होकर चीख पड़ी। उसकी चीख सुनकर उसके परिजन एवं ग्रामीणों ने भागते चोरों का पीछा किया।
ग्रामीणों को पीछा करता देख एक बदमाशों ईट फेंकना शुरू कर दिया। एक ईट राजवीर पुत्र बाबूलाल के लगी। बाद में बदमाशों ने फायर कर ग्रामीणों को पीछे हटने पर विवश कर दिया। इससे वह भागने में कामयाब हो गए।
उससे पहले गुरुवार की रात को चोर इसी गांव निवासी अमर सिंह पुत्र बाबू लाल के दो बकरे भी खोल ले गए थे। पीड़ितों ने अज्ञात चोरों के नाम कोतवाली में तहरीर दे दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।