हिंदू युवा वाहिनी नेता के घर में घुसे संदिग्ध, एक दबोचा
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
महानगर के नौरंगाबाद इलाके में हिंदू युवा वाहिनी के मंडल महामंत्री दीपक शर्मा के घर घुसे फेरी लगाने वाले दूसरे समुदाय के युवकों ने विरोध करने पर दीपक के हाथ में चाकू मार दिया। इससे वहां शोर मचने पर हंगामा खड़ा हो गया और भीड़ ने एक युवक को दबोच लिया, जबकि उसके दो साथी भागने में सफल रहे। बाद में दबोचे गए युवक को पीटकर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच की बात कह रही है।
दीपक शर्मा के अनुसार बुधवार को वह घर के बाहर अपनी दुकान पर बैठे थे। तभी कपड़ों की फेरी लगाने वाले दूसरे समुदाय के तीन युवक अचानक उनके घर में घुस गए। तीनों को एक साथ घर में देखकर मां कमलेश ने विरोध कर दिया। शोर शराबा सुनकर दीपक भी अंदर पहुंच गए । उन्होंने घर में घुसने का कारण पूछा तो कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी बीच आरोपी युवकों ने दीपक के हाथ में चाकू मार दिया। इस पर वहां भगदड़ व हंगामी माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों को आता देख आरोपी युवक भागने लगे। भीड़ ने पीछा कर एक युवक को दबोच लिया, जबकि दो भाग गए। गुस्साए लोगों ने पकड़े गए युवक की धुनाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही गांधीपार्क पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में पकड़े गए युवक ने अपना नाम इमरान निवासी गोल मार्केट जमालपुर बताया है। इंस्पेक्टर के अनुसार दीपक शर्मा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
------