फिरोजाबाद से अगवा कारोबारी की कार गभाना में मिली
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
गभाना (अलीगढ़)। फिरोजाबाद से अगवा उद्यमी संजीव गुप्ता की क्रेटा कार लावारिस अवस्था में गभाना क्षेत्र में दिल्ली हाईवे पर टोल से 100 मीटर पहले खड़ी मिली। रविवार रात गश्त पर निकले इंस्पेक्टर गभाना की नजर गई, तो उन्होंने गाड़ी पहचान ली और खबर फिरोजाबाद पुलिस को दे दी। सोमवार को फिरोजाबाद पुलिस गाड़ी को ले गई। फॉरेंसिक टीम ने भी कार से साक्ष्य जुटाए।
फिरोजाबाद के प्रमुख उद्यमी संजीव गुप्ता शनिवार शाम पौने छह बजे अपनी कार हुंडई क्रेटा से अपने व्यापारिक प्रतिष्ठान के लिए निकले। इसी बीच गायब हो गए।
इसके बाद सौ करोड़ की फिरौती के लिए उनकी पत्नी को एसएमएस व व्हाट्सएप पर संदेश आए। मोबाइल लोकेशन एनसीआर में मिलने के बाद पुलिस ने फिरोजाबाद से लेकर दिल्ली तक के सभी जिलों को गाड़ी नंबर यूपी 83 एसी 4100 बता दिया। रविवार रात इंस्पेक्टर गभाना श्रीप्रकाश यादव हाईवे पर गश्त पर थे। तभी उनकी नजर क्रेटा पर पड़ी। सुबह टायर पंचर दुकान स्वामी को बुलाया गया। उसने बताया कि वह दो दिन से दुकान बंद किए हुए था। वहां कुछ राहगीरों ने बताया कि शनिवार देर रात कार को दो लोग खड़ा कर लॉक करने के बाद पैदल कस्बे की ओर निकल गए।
सूचना पर फिरोजाबाद से सीओ प्रदीप सिंह फॉरेंसिक टीम के साथ आ गए। एसएसपी राजेश पांडेय ने भी मौका मुआयना किया। अलीगढ़ की फॉरेंसिक टीम भी बुलाई गई। गाड़ी में कोई आपत्तिजनक वस्तु या दाग-धब्बा नहीं मिला। एक शीशे पर अंगूठे के निशान मिले हैं। इस दौरान पुलिस ने गभाना टोल प्लाजा के सीसीटीवी भी देखे। मगर उसमें ऐसी कोई गतिविधि नहीं मिली कि कार ने टोल पार किया हो। पुलिस व एसटीएफ ने गभाना और आसपास के इलाकों में बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। एक टीम यहां से जुड़े फिरोजाबाद के कनेक्शनों पर काम कर रही है।
तीन के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट
टूंडला (फिरोजाबाद)। वहीं उद्योगपति की लोकेशन चंडीगढ़ की तरफ भी बतायी जा रही है। उद्योगपति की पत्नी सारिका गुप्ता ने टूंडला थाने में सुहागनगर निवासी नीता और उनके पति प्रदीप पांडेय और अमित गुप्ता पर फिरौती के लिए अपहरण का शक जताते हुए तहरीर दी है। हालांकि टू़़ंडला पुलिस शनिवार रात को ही गुमशुदगी दर्ज कर चुकी थी। पुलिस अब दर्ज रिपोर्ट को अपहरण में तरमीम कर आरोपियों की तलाश कर रही है। राजा का ताल स्थित आर्चिट ग्रीन निवासी उद्योगपति और सागर रत्ना रेस्टोरेंट के संचालक संजीव गुप्ता शनिवार शाम पौने छह बजे लापता हो गए थे।