जिले के 66516 किसानों के पास नहीं है आधार कार्ड
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
जिले के एक लाख तक के फसली ऋण वाले लघु एवं सीमांत किसानों को किसान ऋण मोचन योजना में कर्ज माफी का लाभ दिलाने में आधार कार्ड बाधा बन गए हैं। बैंकों में चल रही डाटा फीडिंग में खुलासा हुआ है कि चयनित 1.29 लाख किसानों में से 66516 किसानों के पास आधार कार्ड ही नहीं है। इन किसानों को जल्द से जल्द योजना का लाभ दिलाने के लिए डीएम ने विशेष शिविर लगाकर किसानों के आधार कार्ड बनवाने के आदेश दिए हैं।
किसान ऋण मोचन योजना में जिले में 129888 किसान चिह्नित किए गए हैं। इन किसानों की डाटा फीडिंग में पता चला कि मात्र 63372 किसानों के पास ही आधार कार्ड है।
शेष 66516 किसानों के पास आधार कार्ड ही नहीं है। इससे इनके नाम ऋण माफी पोर्टल पर दर्ज करने में बाधा आ रही है। इससे निपटने के लिए डीएम ने सभी किसानों से आधार कार्ड बनवाकर उन्हें बैंक खातों से लिंक कराने की अपील की है। यही नहीं सभी 12 विकास खंड, पांचों तहसील मुख्यालय, विकास भवन तथा कलक्ट्रेट में शिविर लगाकर आधार कार्ड बनवाने की व्यवस्था की गई है। डीएम ऋषिकेश भास्कर याशोद ने बताया कि इसके अतिरिक्त ग्रामीण बैंक ऑफ आर्यावर्त की हरदोई, जिरौली, सांकरा, वीरपुरा शाखाओं, जिला सहकारी बैंक बेसवां की शाखा और देना बैंक लोधा शाखा पर भी किसानों के आधार कार्ड बनाए जा रहे हैं।