इस इलाके में इस तरह प्लॉटिंग करने वाली 25 कंपनियां हैं, जिन पर मामले दर्ज हैं। इन सभी कंपनियों, उनसे जुड़े लोगों का विवरण भी पुलिस जुटा रही है। आने वाले कुछ समय में इन पर भी कार्रवाई होगी। सबसे पहली बार रिपोर्ट तत्कालीन राजस्व राज्य मंत्री अनूप प्रधान की शिकायत पर दर्ज हुई थी।
लेखपालों की भूमिका-बैनामों की जांच होगी
टप्पल क्षेत्र में यीडा अधिसूचित क्षेत्र में भूमाफिया ग्रुप प्लॉटिंग के नाम पर लोगों को ठग रहे हैं। साथ में लगातार बैनामे भी हो रहे हैं। इस पर अब एसएसपी स्तर से लेखपालों की भूमिका व बैनामों की जांच की जाएगी। इस संबंध में एसएसपी स्तर से डीएम को पत्र लिखा जाएगा। एसएसपी नीरज जादौन ने बताया कि इस क्षेत्र में लोग ऐसे ग्रुपों से सावधान रहें। यहां जमीन यीडा अधिसूचित क्षेत्र है। इसलिए यहां जमीन की खरीद बिक्री न करें। न इस तरह के ग्रुपों के झांसे में आएं। उनका कहना है कि इस तरह का धंधा बिना राजस्व टीमों की मिलीभगत के संभव नहीं है। इसलिए उनकी जांच भी कराने के प्रयास होंगे।
दो को जेल भेजा, तीसरा अभी फरार
रियल एस्टेट ग्रुप फ्यूचर की होम जोन कंपनी के तीन पार्टनरों पर छह जनवरी को गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई की गई थी, जिसमें गैंग लीडर मूल रूप से बिहार रोहतास जिले के सासाराम क्षेत्र के दरिगांव का धर्मवीर यादव है। वर्तमान में वह नोएडा के सूरजपुर क्षेत्र के मिथिला विहार में रहता है। इसके दो अन्य साथियों में मूल रूप से एटा अलीगंज के दहेलियापूथ का विष्णु शर्मा उर्फ आकाश है, जो वर्तमान में नोएडा की ग्रेट ग्रेट वैल्यू सरनम कॉलोनी, सेक्टर-96 में रहता है। तीसरा साथी बिहार मधुबनी के रुद्रपुर का पवन झा है। पुलिस ने तीनों में से विष्णु को सात जनवरी को व धर्मवीर को आठ जनवरी को गैंगस्टर एक्ट में जेल भेज दिया है। पवन झा अभी फरार चल रहा है।
ढोल बजाकर संपत्ति कुर्की संबंधी बोर्ड लगाया। साथ में इस जमीन की खरीद बिक्री प्रतिबंधित कर दी गई।इस कार्रवाई को एसपी देहात अमृत जैन की अगुवाई में सीओ वरुण कुमार सिंह, एसएचओ टप्पल शिवप्रसाद सिंह की संयुक्त टीम ने पूरा किया। एसएसपी ने इस कार्रवाई पर पुलिस टीम की पीठ ठोकी है। आगे भी कार्रवाई जारी रहने का संकेत दिया है।
नोएडा की संपत्तियों की भी जानकारी जुटा रही पुलिस
एसएसपी ने बताया कि यह ग्रुप पिछले पांच वर्ष से इस इलाके में सक्रिय है। इस ग्रुप ने टप्पल में भूमि खरीदने के अलावा नोएडा में भी संपत्तियां बनाई हैं। उनके विषय में भी जानकारी जुटाई जा रही है। वहां की संपत्तियों को भी कुर्क किया जाएगा।
ये संपत्तियां हुईं कुर्क
गांव सिमरौठी के सहारे जो जमीन कुर्क की गई है। उसमें कुछ तीनों के द्वारा खरीदी गई व कुछ पर किसानों से करार किया है, जिसमें गाटा संख्या 648, 667 व 668, 658, 642, 5123 की जमीन 11,760.028 वर्ग मीटर है।
पहले ये हुई कार्रवाई
- 19 जुलाई 2025 को भूमाफिया ग्रुप के तीन आरोपियों की गोरौला स्थित 40,596.613 वर्गमीटर भूमि कीमत 60 करोड़ 89 लाख 49 हजार 195 रुपये की संपत्ति कुर्क।
- 23 अगस्त 2025 को भूमाफिया ग्रुप के तीन आरोपियों की मेवा नगला नूरपुर रोड स्थित 15,200 वर्गमीटर भूमि कीमत 33 करोड़ 03 लाख 72 हजार रुपये की संपत्ति व 16 लाख की कार कुर्क।