राशन के चावल की 500 बोरियां पकड़ीं
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
राशन की वस्तुओं की कालाबाजारी जारी है। बीती रात पुलिस व पूर्ति विभाग की टीम ने धनीपुर मंडी में एक दुकान पर छापा मारकर राशन के चावलों से भरा एक ट्रक पकड़ लिया। इसमें 500 कट्टे भरे थे। इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।
मुखबिर की सूचना पर गांधीपार्क पुलिस ने बीती रात करीब एक बजे धनीपुर मंडी स्थित दुकान संख्या 39 में छापा मारकर ट्रक संख्या एचआर 55 जे-7441 को पकड़ लिया। माल के साथ पकड़े गए श्यामनगर निवासी हरिओम पुत्र राजकुमार से पूछताछ की गई तो उसने स्वीकार किया कि यह चावल उसका है और कमलेश एंड कंपनी धनीपुर मंडी से खरीदकर वाहन में लादा जा रहा था। पुलिस ट्रक को थाने ले गई। जांच में आरोपी हरिओम चावल के संबंध में कोई दस्तावेज प्रस्तुत न कर सका।
सूचना मिलने पर पूर्ति विभाग की टीम ने मौके पर जाकर पड़ताल की तो वाहन में 500 कट्टे पाए गए।
डीएसओ नीरज कुमार ने बताया कि चावल की खरीद संबंधी कोई प्रमाणपत्र प्रस्तुत न हो पाने से पकड़े गए चावल को राशन का चावल माना जा रहा है। इस मामले में श्याम नगर निवासी हरिओम, दरियापुर बुलंदशहर निवासी दिनेश एवं ठाकुर बस्ती धनीपुर निवासी सुमित कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी गई है।