रविवार रात थाना बन्ना देवी क्षेत्र के ढपरा रोड पर चोरों ने शटर काटकर एक इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम से करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सामान पार कर दिए। इसमें तकरीब 50 एलईडी टीवी भी शामिल है। घटना के विरोध में सोमवार को आक्रशित दुकानदारों ने मार्केट बंद कर दुकान के शटर गिरा दिए।
थाना सासनी गेट के मोहल्ला पठानान निवासी नौशाद पुत्र हाजी बाबू की ढपरा रोड पर वेलकम इलेक्ट्रॉनिक्स के नाम से दुकान है। उन्होंने बताया कि रविवार की रात करीब 9.15 बजे दुकान बंद कर वे घर चले गए थे। सोमवार की सुबह दुकान के उपर जिम चलाने वाले आशू ने उन्हें फोन कर दुकान का शटर काटे जाने की सूचना दी। मौके पर पहुुंचकर देखा तो दुकान के अंदर स्टैंड पर रखे एलईडी टीवी और कैश गायब मिले। चोरों ने शटर काटकर लाखों रुपये का माल साफ कर दिया। अलग-अलग कंपनियों के करीब 50 एलईडी टीवी भी चोर उठा ले गए। दुकान में रखे करीब 50 हजार रुपये भी गायब थे।
दुकान से करीब 15 लाख रुपये का मामल चोरी जाने का अनुमान है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस के साथ स्थानीय दुकानदार वहां पहुंच गए। उन्हाेंने गुस्से में मार्केट बंद करा दी। इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस की दुकानदारों के साथ बैठक हुई। जिसमें तय हुआ कि जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा। इसके बाद दुकानदार मार्केट खोलने पर सहमत हो गए। थाना बन्ना देवी के प्रभारी अनुज कुमार ने बताया कि दुकानदार ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है।