बदमाशों ने सोमवार को नेशनल हाईवे के गभाना टोल प्लाजा का 50 लाख रुपये लूटने का प्रयास किया। इस दौरान कैश वैन में सवार सिक्योरिटी गार्ड की दिलेरी के आगे उनकी एक नहीं चली। गार्ड के फायरिंग करने पर उनके पैर उखड़ गए और भाग निकले। इसके बाद पुलिस ने एक बदमाश को स्थानीय लोगों की मदद से खेतों में घेराबंदी कर दबोच लिया, जबकि उसके बाकी तीन अन्य साथी भी थोड़ी देर बाद पकड़ लिए गए। उनसे देर रात तक पुलिस की पूछताछ जारी थी। पकड़ा गया एक बदमाश हाइवे पर पहले भी लूट की घटना में शामिल रहा है।
अलीगढ़-गाजियाबाद एक्सप्रेस वे के सोमना मोड़ स्थित टोल प्लाजा से वसूले गए टैक्स के कैश को लेने के लिए रविवार को छोड़ हर दिन निजी कंपनी चेक मेट सर्विस की कैब, मारुति वैन आती है। रविवार को अवकाश के चलते सोमवार को सुबह करीब नौ बजे वैन में कैश बॉक्स लादकर चालक विवेकपाल सिंह निवासी जतनपुर चिकावटी थाना लोधा, कस्टॉरियन महेंद्रपाल सिंह एक्स आर्मी सूबेदार व गनमैन सतीश कुमार टोल प्लाजा से गांधीपार्क अलीगढ़ की एक्सिस बैंक शाखा के लिए चले। इस कैश बॉक्स में 49 लाख 92 हजार 930 रुपये थे। वह टोल से 200 मीटर आगे बढ़े ही थे कि दो राहगीरों ने वैन को रुकने का इशारा किया। इस पर वैन रुक गई और उन दोनों को यात्रियों के रूप में गाड़ी में चढ़ा लिया गया। इसके बाद वे जैसे ही गभाना-बरौली मार्ग स्थित टमकोली मोड़ के पास पहुंचे, तो वहां चार-पांच लोग पहले से खड़े थे और पीछे-पीछे सफेद रंग की एक एसेंट कार आ रही थी।
उन्हें देख सवारी बनकर चढ़े लोगों ने खुद को उतारने के लिए गाड़ी रुकवा ली। गाड़ी रुकते ही मौजूद बदमाशों ने उसे घेर लिया और हथियार दिखाते हुए कैश बॉक्स को उतारकर एसेंट में रखने की बात कहने लगे। कैश वैन सवारों को धमकाया गया। जब उन्होंने विरोध किया तो बाहर से बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। दो-तीन गोलियां तो वैन के आगे के शीशे के अलावा छत आदि में जा घुसी। मगर तभी गार्ड सतीश कुमार ने हिम्मत दिखाते हुए अपनी दुनाली बंदूक से फायरिंग शुरू कर दी, जिससे बदमाशों के पैर उखड़ गए और वे उल्टा कार में सवार होकर अलीगढ़ की ओर भाग छूटे। गार्ड के अनुसार एक बदमाश के गोली भी लगी, जिसे कार में चढ़ा लिया गया। मगर एक बदमाश पैदल टमकौली की ओर भागा। इसी बीच खबर पर एसओ मोहम्मद असलम भी पहुंच गए, जिन्होंने पब्लिक की मदद से भागते बदमाश को खेतों में दबोच लिया। इसी बीच वायरलेस पर सूचना प्रसारित हो गई और आसपास घेराबंदी व कॉबिंग जारी रखी। दुपहर में दो बदमाश भी पुलिस के हत्थे चढ़ गए। कुल मिलाकर रकम लुटने से बच गई। एसओ के अनुसार पकडे़ गए बदमाशों ने अपने नाम सोनू उर्फ काका निवासी ताहरपुर थाना टपपल, कालू निवासी हेतलपुर थाना टप्पल, कुलदीप निवासी हेतलपुर थाना टप्पल, नीरेंद्र निवासी ताहरपुर थाना टप्पल बताए हैं। मामले की गार्ड सतीश कुमार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है।