30 जुलाई को प्रस्तावित बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा के लिए अलीगढ़ मंडल से 16590 अभ्यर्थी पंजीकरण करा चुके हैं। जिनके लिए अलीगढ़ मंडल के चारों जनपदों (अलीगढ़, हाथरस, एटा, कासगंज) में कुल 45 परीक्षा केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं।
बता दें कि 18 जुलाई को होने वाली बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा की तिथि बढ़ाकर 30 जुलाई कर दी गई है। अभी तक परीक्षा में प्रतिभाग करने के लिए अलीगढ़ से 9500, एटा से 2890, हाथरस से 2200 और कासगंज से दो हजार अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है। जिनके लिए अलीगढ़ में 23, एटा में 9, हाथरस में 6 और कासगंज में सात परीक्षा केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं। परीक्षा संपन्न कराने के लिए आगरा विश्वविद्यालय स्तर से विभिन्न तैयारियां गतिमान हैं। अलीगढ़ जनसंपर्क अधिकारी डॉ. सुनीता गुप्ता ने बताया कि तैयारियां चल रही हैं। 30 जुलाई को शुचितापूर्ण तरीके से परीक्षा संपन्न कराई जाएगी।