न्यूज डेस्क, इकराम वारिस, अलीगढ़।
आईपीएल-12 में शहर की शान व कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाड़ी रिंकू सिंह 35 नंबर की जर्सी पहने दिख सकते हैं। आईपीएल-11 में रिंकू ने तीन नंबर की जर्सी पहन रखी थी। केकेआर ने उनको रिटेन करते हुए इस बार भी 80 लाख में खरीदा है।
केकेआर के मालिक शाहरुख खान ने कई खिलाड़ियों को इस बार रिटेन किया है। इनमें रिंकू भी शामिल हैं, जिन्हें पिछले आईपीएल में 80 लाख रुपये में खरीदा गया था। उन्होंने चार मैच खेले थे। हालांकि, उनका बल्ला वह धमाल नहीं मचा पाया था, जिसके लिए वे क्रिकेट गलियारों में मशहूर हैं। रिंकू की क्षमताओं को केकेआर के कोच पहचान रहे हैं।
जुलाई महीने में केकेआर के बल्लेबाजों के लिए बंगलुरू में विशेष कैंप लगाया गया था। पूर्व बल्लेबाज अभिषेक नायर की देखरेख में 13 दिनों तक कैंप चला था।
यूपी के शानदार खिलाड़ी सुरेश रैना ने भी तीन नंबर की जर्सी पहनकर अपने अंतरराष्ट्रीय कॅरियर की शुरुआत की थी। यह बात अलग है कि रैना बाद में 48 नंबर की जर्सी पहनकर खेलने लगे।
रिंकू के कोच मसूदुज्जफर अमीनी ने बताया कि रिंकू जब भी अलीगढ़ में होते हैं, तब अलीगढ़ क्रिकेट स्कूल में अभ्यास करते हैं और जादौन क्रिकेट क्लब की ओर से मैच खेलते हैं।