न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर में प्राइवेट बसों के प्रवेश पर प्रतिबंध के बाद महानगर के एंट्री प्वाइंटों पर बनाए जा रहे तीनों बस अड्डे इस सप्ताह के अंत तक शुरू हो सकते हैं। खेरेश्वर मंदिर के पास वाजिदपुर नादा में बस अड्डे के निर्माण का काम अंतिम दौर में है तो क्वारसी स्थिति धौरामाफी एवं धनीपुर के समीप सिधौली वाले नाले के पास बन रहे बस अड्डे पर मिट्टी भराई का काम अंतिम दौर में है। इन तीनों बस अड्डों का ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं एसडीएम कोल ने निरीक्षण किया।
प्राइवेट बसों पर प्रतिबंध के बाद प्रशासन ने प्राइवेट बसों के तीन स्टेंड खेरश्वर के पास वाजिदपुर नादा, क्वारसी के समीपवर्ती गांव धौर्रा माफी एवं धनीपुर के पास सिधौली वाला नाला के समीप बनाना नियत किया था।
वर्तमान में इन बस अड्डों के निर्माण की प्रगति पर नजर डाले तो वाजिदपुर नादा में बन रहे बस अड्डे पर बोरिंग, फ्लोरिंग एवं टीन शेड डाले जाने का काम पूरा हो गया है। एक दो दिनों में यहां से बसों का संचालन आरंभ हो सकता है।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं एसडीएम कोल जोगिंदर सिंह ने बताया कि धौर्रा माफी बस अड्डे पर मिट्टी की भरत का काम पूर्ण होने जा रहा है। इसके तुरंत बाद फ्लोरिंग का काम होगा, यहां बोरिंग का काम भी तेजी से कराया जा रहा है।
जबकि सिधौली वाला नाला के समीप बन रहे तीसरे बस अड्डे पर मिट्टी की भरत का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है। यह भी एक दो दिन में पूरा हो जाएगा। इसके बाद फ्लोरिंग का काम कराकर इसे भी जल्द तैयार करा दिया जाएगा।
उन्होंने उम्मीद जताई कि इस सप्ताह के अंत तक सभी बस अड्डों से बसोें का संचालन शुरू करा दिया जाएगा। इन बस अड्डों को माडल बस अड्डे के रूप में विकसित किये जाने का काम लगातार जारी रहेगा।
धौर्रामाफी स्टेंड पर मिटटी पड़ी दिखी परंतु कही नहीं दिखी बोरिंग
प्राइवेट बस अड्डे शुरू करने को व्यग्र प्रशासन भले ही इन बस अड्डों का काम तेजी से पूरा कराने की कोशिशों में लगा है वही दूसरी ओर कार्यदायी संस्थाएं काम को गंभीरता से लेती दिखाई नहीं दे रही हैं। अमर उजाला संवाददाता ने सोमवार को अतरौली की ओर जाने वाली बसों के लिए तैयार किये जा रहे धौर्रा माफी बस अड्डे की पड़ताल की तो वहां मात्र मिट्टी की भरत पायी गई, वह भी समतल दिखाई नहीं दी। काम भी बंद मिला तो बोरिंग कही दिखाई नहीं दी। चहुंओर उड़ती धूल का सामाज्य था। वहां मिले लोगों से पूछताछ की तो पता चला कि सोमवार को मजदूर आए ही नहीं हैं। ऐसे में प्रशासन का इस सप्ताह बस अड्डा शुरू करने का दावा पूरा हो पाएगा अथवा नहीं इसमें संशय ही है।